छुरिया (नईदुनिया न्यूज)। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम कल्लूटोला में महिला जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति भुनेश्वरी साहू थी। अध्यक्षता सरपंच हौसी लाल साहू ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म हुई। गीता ने उपस्थित महिलाओं को कुपोषण के संबंध में जानकारी दी। समय-समय पर बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्र में ले जाकर वजन कराने की सलाह दी, ताकि बच्चों की श्रेणी पता चल सके। बच्चा अगर सामान्य श्रेणी में है तो अच्छा है। मध्यम में है तो थोड़ा और ध्यान देने की जरूरत है। बच्चा अगर गंभीर कुपोषित श्रेणी में है तो चिंता की स्थिति है। ऐसे बच्चों को अधिक ध्यान देना चाहिए।
शासन की योजनाओं का उठाएं लाभ : सुपरवाइजर रंजीत कुलमित्र मैडम ने महिलाओं को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नोनी सुरक्षा योजना एक अप्रैल 2014 से संचालित है, इसका लाभ प्रथम और द्वितीय कन्या पर दिया जाता है। महिला सक्षम योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 18 से 50 वर्ष के महिला जो विधवा या परित्यक्ता इस श्रेणी में आ सकते हैं। इसके लिए शासन द्वारा एक लाख तक लोन दिया जाता है। इससे कुटीर उद्योग या बकरी पालन या कोई भी अन्य व्यवसाय किया जा सकता है। मुख्य अतिथि भुनेश्वरी साहू ने कहा कि शिविर के माध्यम से मुझे मेरी मन की बात कहने का मौका मिला। उन्होंने महिलाओं के उत्थान पर जोर दिया। सरपंच हौसी लाल साहू ने कहा कि इस तरह कार्यक्रम से गांव की महिलाओं को बल मिलेगा।
महिलाएं हर क्षेत्र में आगे : विशेष अतिथि उद्धव ठाकुर ने पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का उदाहरण देते हुए कहा कि महिला कोई भी क्षेत्र में पीछे नही है। उन्होंने फुलबासन बाई का भी उदहारण देते हुए कहा कि एक साधरण महिला जो बकरी चराती थी, आज उनको देश ही नहीं जानता, बल्कि विदेश में नाम है। सभा को पंच महेश कतलाम, ग्राम पटेल ऋषि हिरवानी, प्रभा सलामे, युवना साहू ने भी संबोधित किया। इस दौरान आंगनबाड़ी सहायिका राधिक ठाकुर, सुखिया मंडावी, लक्षमी कतलाम, जामवंती, तामेश्वरी, वंदना, दीपक, बुद्धिमती, सरोज, अनिता, अनूपा व अन्य मौजूद रहे।