नगर निगम चुनाव में भाजपा के मधुसूदन ने तोड़े सारे रिकाॅर्ड
महापौर के चुनाव में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने रिकार्ड 35241 वोटों से जीत दर्ज की।
By
Edited By:
Publish Date: Sun, 04 Jan 2015 03:08:04 PM (IST)
Updated Date: Mon, 05 Jan 2015 05:00:26 PM (IST)
_201514_155122_04_01_2015.webp)
राजनांदगांव। महापौर के चुनाव में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने रिकार्ड 35241 वोटों से जीत दर्ज की। जिले की बाकी 6 नगरीय निकायों में सिर्फ एक छुईखदान में भाजपा जीत सकी। डोंगरगढ़ नगर पालिका में भाजपा के बागी तरूण हथेल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में शानदार जीत हासिल की। डोंगरगांव, अंबागढ़ चौकी, गंडई और छुरिया नगर पंचायतों में कांग्रेस ने परचम लहराया। इस तरह जिले की सात में से 4 निकायों में कांग्रेस का कब्जा हुआ।
महापौर के लिए राजनांदगांव में मुकाबला एकतरफा साबित हुआ। भाजपा के मधुसूदन ने कांग्रेस प्रत्याशी विजय पांडेय को हराया। मधुसूदन को 59911 और श्री पांडेय को मात्र 24670 वोट ही मिले। इसके पहले 2004 में भाजपा की शोभा सोनी ने 19800 वोटों से महापौर का चुनाव जीतीं थी।
शहरी वोटों के मामले में श्री यादव की जीत इसलिए भी बड़ी है क्योंकि विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को नगर निगम क्षेत्र से लगभग 32 हजार मतों की बढ़त मिली थी, जबकि लोकसभा चुनाव में उनके पुत्र अभिषेक सिंह को शहरी क्षेत्र में लीड का आंकड़ा भी 35 हजार के अंदर ही था। इस तरह श्री यादव ने लीड के मामले में न सिर्फ शोभा सोनी को पछाड़ा, बल्कि सीएम और उनके पुत्र को भी पीछे छोड़ दिया। वार्डों में भी भाजपा ने एकतरफा प्रदर्शन किया। कुल 51 में से 31 में भाजपा के प्रत्याशी जीते हैं, जबकि कांग्रेस को मात्र 14 सीटें ही मिल सकी। एक वार्ड बसपा के खाते में गया, जबकि 6 में निर्दलीयों ने बाजी मारी है।
कहां से कौन जीता
निकाय प्रत्याशी पार्टी
नांदगांव मधुसूदन यादव भाजपा
डोंगरगढ़ तरूण हथेल निर्दलीय
डोंगरगांव संध्या साहू कांग्रेस
अंबागढ़ अनिल मानिकपुरी कांग्रेस
छुईखदान गिरिराज किशोर भाजपा
गंडई रूखमणि देवांगन कांग्रेस
छुरिया राजकुमारी सिन्हा कांग्रेस