देशभर में राजनांदगांव के सोलर प्लांट का डंका, दिन की धूप से रात को कर रहा रोशन
ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन के महानिदेशक आलोक कुमार सहित देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधि पहुंचे, जहां दिन की सौर ऊर्जा से रात में बिजली आपूर्ति की जा रही है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 06:54:22 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 06:54:22 PM (IST)
HighLights
- राजनांदगांव के 100 मेगावाट सोलर प्लांट का देशभर में डंका।
- बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम से रात में भी सौर बिजली।
- ऑल इंडिया डिस्कॉम्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने समझी आधुनिक तकनीक।
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव : दिन में सूर्य की रोशनी से बिजली उत्पादन और उसी बिजली को बैटरी में सहेजकर रात में उपयोग करने की तकनीक ने राजनांदगांव के टप्पा स्थित सोलर एनर्जी कार्पोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड (एसईआइसी) सोलर पावर प्लांट को देशभर में चर्चा का केंद्र बना दिया है।
सौर ऊर्जा उत्पादन के साथ बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) का समन्वय इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता है, और ऐसा आधुनिक तकनीक वाला यह भारत का सबसे बड़ा सोलर प्लांट है। इसी आधुनिक तकनीक को समझने के लिए आल इंडिया डिस्काम्स एसोसिएशन (एआइडीए) के महानिदेशक आलोक कुमार सहित देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों के प्रतिनिधियों ने संयंत्र का भ्रमण किया।
प्रतिनिधिमंडल ने सौर ऊर्जा उत्पादन, बैटरी में बिजली के भंडारण और आवश्यकता के अनुसार उसके उपयोग की व्यवस्था का प्रत्यक्ष अध्ययन किया। अधिकारियों ने विद्युत ग्रिड से संयंत्र के जुड़ाव और ऊर्जा आपूर्ति को संतुलित रखने में इस तकनीक की भूमिका भी समझी। एआइडीए के नालेज शेयरिंग एवं फील्ड विजिट कार्यक्रम के तहत हुए इस भ्रमण का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में विकसित आधुनिक ऊर्जा तकनीक और नवाचारों को देश की अन्य विद्युत वितरण कंपनियों तक पहुंचाना है। यह प्लांट 24 फरवरी 2024 को क्रियाशील किया गया था। इसका वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
प्रतिनिधिमंडल ने सौर ऊर्जा उत्पादन की टीम
960 करोड़ के प्लांट में पैनलों के दोनों ओर से बिजली उत्पादन
राजनांदगांव जिले के डुंडेरा (टप्पा) क्षेत्र में 452 एकड़ में 960 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस सोलर पावर प्लांट की उत्पादन क्षमता 100 मेगावाट है। यहां 660 वाट क्षमता के लगभग दो लाख 39 हजार बाइफेशियल सोलर पैनल लगाए गए हैं। इन पैनलों की विशेषता है कि ये दोनों ओर से सौर ऊर्जा ग्रहण कर बिजली उत्पादन कर सकते हैं। संयंत्र से प्रतिदिन पांच लाख यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है।
बैटरी स्टोरेज से रात में भी सौर बिजली का उपयोग
परियोजना में स्थापित बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम दिन में उत्पादित बिजली को संग्रहित करने की सुविधा देता है। जरूरत के अनुसार इस बिजली का उपयोग बाद में किया जा सकता है। खासकर दिन में संग्रहित ऊर्जा को रात में विद्युत आपूर्ति के लिए इस्तेमाल करने की व्यवस्था सौर ऊर्जा की उपयोगिता बढ़ाती है। इससे ऊर्जा उत्पादन और मांग के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिल सकती है।
देशभर की बिजली कंपनियों ने समझी तकनीक
भ्रमण के दौरान एसईआइसी सोलर पावर प्लांट के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को परियोजना की स्थापना, तकनीकी संरचना, उत्पादन क्षमता और संचालन व्यवस्था पर प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें सोलर माड्यूल, बाइफेशियल पैनलों, बैटरी में ऊर्जा संग्रहण और ग्रिड से समन्वय की प्रक्रिया समझाई गई। इसके बाद प्रतिनिधियों ने संयंत्र के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर अधिकारियों से तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की। इस अवसर पर राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम, एके लखेरा, संजीव सिंह और अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।