राजनांदगांव (नईदुनिया न्यूज)। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा रविवार को कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी की शहादत दिवस और गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर संगोष्ठी सभा का आयोजन किया गया। संगोष्ठी सभा को संबोधित करते हुए अंतव्यवसायी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इंदिरा गांधी ने आजीवन गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रयास किया और देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्य बनाए रखने के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।
उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी राजनीतिक दूरदर्शिता और कुशलतापूर्वक नेतृत्व से वैश्विक पटल पर भारत को प्रतिष्ठापूर्ण स्थान दिलाया। उनके हरितक्रांति अभियान ने देश को आत्मनिर्भर बनाया। इंदिरा गांधी ने बचपन से ही वानर सेना का निर्माण कर देश के स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी निभाई। पाकिस्तान से बांग्लादेश का उदय, भारत का परमाणु शक्ति संपन्ना राष्ट्र बनना उनकी प्रमुख उपलब्धियां थी। वहीं सरदार पटेल के योगदान को याद करते कहा कि देश की स्वतंत्रता संग्राम में उनकी अग्रिणी भूमिका रही। देश की एकीकरण और अखण्ड भारत के निर्माण में उनका बहुमूल्य योगदान रहा। तत्पश्चात देश की एकता और अखंडता के लिए कांग्रेसजनों को सामूहिक संकल्प दिलाया।
भुलाया नहीं जा सकता योगदान : छाबड़ा
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि स्व. इंदिरा गांधी व सरदार वल्लभ भाई पटेल के बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता। कांग्रेस का इतिहास बलिदानों से भरा पड़ा है। इंदिरा गांधी ने देश हित में कठोर निर्णय लेकर देश की जनता को बता दिया कि सशक्त निर्णय से ही सशक्त भारत का निर्माण हो सकता है। गांधी ने देश व कांग्रेस के लिए अपना तन, मन, धन न्यौछावर कर दिया। उन्होंने देश के लिए 31 अक्टूबर 1984 को प्राणों की आहुति दे दी। गृहमंत्री स्व.सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर नमन करते हुए कहा कि भारत के अलग-अलग सियासतों को दबाकर सभी को एक कर राष्ट्रीय एकता का परिचय दिया। इसलिए उन्हें लौह पुरूष कहा जाता है। लोगों में एकता स्थापित कर देश के विकास को आगे बढ़ाने में बड़ा योगदान दिया। संगोष्ठी को ग्रामोद्योग के सदस्य श्रीकिशन खंडेलवाल, रमेश डाकलिया, पूर्व महासचिव कुतबुद्दीन सोलंकी, छग युवा आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार, शहर कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिकांत अवस्थी, उत्तर ब्लाक अध्यक्ष आसिफ अली, प्रमोद बागड़ी ने भी संबोधित किया।