
राजनांदगांव(ब्यूरो)। बिलासपुर कांड के बाद जिले में परिवार नियोजन के तहत होने वाले महिला नसबंदी ऑपरेशन के सभी शेड्यूल निरस्त कर दिए गए हैं। शासन से इस विषय में मिले आदेश के बाद जिला स्वास्थ्य प्रशासन ने पूरा शेड्यूल फिलहाल स्थगित कर दिया है। बिलासपुर में महिलाओं की नसबंदी में किस कारण से इन्फेक्शन हुआ है? दवाएं गलत दी गई, ऑपरेशन गलत हुआ, लिक्विड में त्रुटि थी, संक्रमित औजार से ऑपरेशन हुए या अन्य जो भी कारण है। उसका पता होने तक नसबंदी वाला ऑपरेशन नहीं किया जाएगा।
बिलासुपर के कानन पेंडारी क्षेत्र में नसबंदी आपरेशन के बाद 12 महिलाओं की मौत हुई है। इसके अलावा कई महिला गंभीर है। इस लापरवाही के चलते प्रशासन तो हिल गया है। डॉक्टर भी घबराए हुए हैं। आखिर लापरवाही डॉक्टरों द्वारा कहां की गई? यह जांच का विषय हो गया है। कारणों का खुलासा होते तक यहां आपरेशन नहीं किया जाएगा।
ऑपरेशन शिविर स्थगित
जिले में हर माह कहीं न कहीं महिला नसबंदी ऑपरेशन कार्यक्रम तय है। इस कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस माह डोंगरगढ़, खैरागढ़, छुईखदान सहित कई क्षेत्रों में शिविर होने थे। इसके अलावा अगले माह भी कई जगह शिविर लगाने का कार्यक्रम था। वहीं इस बार मात्र 4 हजार का लक्ष्य मिला है। इस वित्तीय वर्ष में चार हजार नसबंदी का टारगेट है। अब तक 2 हजार 450 महिला नसबंदी किए जा चुके हैं।
कारण मिलने तक नहीं होगा ऑपरेशन
जानकारी के अनुसार जब तक बिलासपुर में हुए महिला नसबंदी ऑपरेशन कांड के कारण का पता नहीं चल जाता, तब तक महिला नसबंदी शिविर नहीं लगाने के आदेश हेैं। बताया गया कि प्रशासन जांच कर रहा है कि इसमें ऑपरेशन कर रहे डॉक्टरों ने पूरी लापरवाही बरती। या और भी कुछ कारण है। यदि ऐसा कोई कारण निकला तो उसका हल करने के बाद ही आपरेशन किए जाएंगे। फिलहाल महिला नसबंदी नहीं करने के आदेश हेैं।
वर्सन
महिला नसबंदी ऑपरेशन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल जिले में यह ऑपरेशन नहीं होंगे। बिलासपुर मामले के कारण का पता उच्च स्तर पर किया जा रहा है। कारण मिलने के बाद ही नसबंदी ऑपरेशन होंगे।
डॉ. चंद्रशेखर मोहबे, सीएमओ