
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में यदि आपका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से कट गया है या छूट गया है, तो निर्वाचन आयोग आपको नाम जुड़वाने का एक और अवसर दे रहा है। राज्य भर में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर पात्र नागरिक को मताधिकार प्रदान करना है। इसके तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर नागरिकों का सत्यापन करेंगे और सूची से छूटे लोगों के साथ-साथ पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम जोड़ेंगे।
अभियान के तहत मौजूदा मतदाता सूची का मिलान पुरानी प्री-एसआईआर सूची से किया जा रहा है। यदि आपका नाम पिछली सूची में दर्ज था लेकिन वर्तमान सूची में नहीं दिख रहा है, तो बीएलओ आपके घर पहुंचकर स्थिति की पुष्टि करेंगे। प्रत्येक बीएलओ को प्रति सप्ताह 20 से 25 चिह्नित मतदाताओं के सत्यापन का लक्ष्य दिया गया है। पात्रता सिद्ध होने पर मौके पर ही फार्म-6 के जरिए नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
आयोग की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। इसके लिए मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों और बेघर नागरिकों के बीच पहुंचकर पंजीकरण दल काम कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक संस्थानों में कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाकर 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को जोड़ा जा रहा है।
ऑनलाइन आवेदन: नागरिक प्ले स्टोर से 'ईसीआईनेट' (ECINet) मोबाइल ऐप डाउनलोड करके या निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर सीधे फार्म-6 भर सकते हैं।
ऑफलाइन प्रक्रिया: आप अपने मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भरकर जरूरी पहचान प्रपत्रों के साथ जमा कर सकते हैं।
हेल्पलाइन सहायता: किसी भी समस्या या पूछताछ के लिए निर्वाचन आयोग के टोल-फ्री नंबर 1950 पर कॉल करें अथवा ऐप में 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' सुविधा का उपयोग करें।