राजनांदगांव के टेडेसरा पुल पर दीवार से टकराई तेज रफ्तार कार, बर्थ डे पार्टी मनाने जा रहे तीन युवकों की मौत
राजनांदगांव में राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। दुर्ग से जन्मदिन मनाने जा रहे युवकों की तेज रफ्तार कार टेडेसरा पुल की दीवार से टकरा...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 04 Oct 2026 08:15:15 PM (IST)Updated Date: Sun, 04 Oct 2026 08:17:56 PM (IST)
राजनांदगांव में हुई दुर्घटना की प्रतीकात्मक एआई तस्वीर।HighLights
- टेडेसरा पुल पर दीवार से टकराई अनियंत्रित कार
- दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत
- दो घायल अस्पताल में भर्ती पुलिस जांच जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात तेज रफ्तार कार टेडेसरा पुल की दीवार से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमनी पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान दुर्ग के आदित्य नगर निवासी अभिषेक ठाकुर (36), हरिनगर निवासी प्रशांत दोसे (36) और तोषण तिवारी (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्वजन को सूचना दे दी गई है।
बर्थ डे पार्टी में जा रहे थे
पुलिस के अनुसार दुर्ग निवासी अभिषेक सिंह जन्मदिन की पार्टी के लिए साथियों के साथ कार से राजनांदगांव की ओर ढाबे में खाना खाने आ रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे कार टेडेसरा पुल के पास पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पुल की दीवार से जा टकराया। टक्कर के बाद कार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला
हादसे के बाद राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक युवक ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री में दम तोड़ा। अन्य दो युवक घायल थे जिनका उपचार जारी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ वाहन की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।