
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। राजनांदगांव शहर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 15 अक्टूबर को भव्य ‘राग नांदगांव’ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन दिग्विजय स्टेडियम में किया जा रहा है। इस आयोजन में प्रख्यात बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। भारी भीड़ और वीआईपी आवागमन को ध्यान में रखते हुए पुलिस और यातायात प्रशासन ने शहर में सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
यातायात पुलिस के अनुसार शाम 6:00 से रात्रि 8:00 बजे के बीच स्टेडियम के सभी प्रवेश द्वारों पर अत्यधिक दबाव और भीड़ उमड़ने की आशंका है। दर्शकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की असुविधा और कतार से बचने के लिए शाम 4:30 से 6:00 बजे के मध्य ही स्टेडियम पहुंच जाएं। मुख्य द्वारों पर दर्शकों की सघन सुरक्षा जांच और फ्रिस्किंग की जाएगी। इस प्रक्रिया में समय लगना स्वाभाविक है, इसलिए दर्शक अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और तैनात सुरक्षा कर्मियों का पूरा सहयोग करें।
स्टेडियम परिसर में व्यवस्थित प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए पांच मुख्य द्वार निर्धारित किए गए हैं। दर्शकों के पास पर गेट नंबर 1 से 6 तथा गैलरी गेट 2 से 8 का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। दर्शकों को अपने पास पर अंकित द्वार से ही प्रवेश की अनुमति होगी:
मुख्य द्वार ए: एलआईसी कार्यालय के ठीक सामने स्थित है।
मुख्य द्वार बी: एसबीआई मुख्य शाखा के सामने बनाया गया है।
मुख्य द्वार सी: एचडीएफसी बैंक के बगल वाली गली से प्रवेश रहेगा।
मुख्य द्वार डी: स्टेडियम के समीप हनुमान मंदिर के पास निर्धारित है।
मुख्य द्वार ई: गौशाला पिंजरापोल की दिशा में हाईवे वाली मुख्य सड़क पर बनाया गया है।
कार्यक्रम के लिए आठ अलग-अलग श्रेणियों के पास जारी किए गए हैं, जिनके अनुसार पृथक पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। पुलिस ने दर्शकों से केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और सड़कों पर वाहन न खड़ा करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही स्टेडियम के आसपास रहने वाले और पैदल आने में सक्षम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निजी वाहनों के बजाय पैदल ही पहुंचें, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने।
सुरक्षा कारणों से स्टेडियम के भीतर किसी भी प्रकार के नुकीले व धारदार हथियार, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील सामग्री और आपत्तिजनक वस्तुएं ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। दर्शकों को वैध पास के साथ अपना मूल पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ रखना होगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में अव्यवस्था फैलाने, फर्जी पास का उपयोग करने या सोशल मीडिया पर अफवाह उड़ाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।