
नईदुनिया न्यूज, सीतापुर। खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद गुस्से में आकर पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पति की नाराजगी इस बात को लेकर थी कि पत्नी ने विवाद के दौरान मंगल सूत्र को गले से उतारकर फेंक दिया था। घटना के बाद आरोपित पति ने ही घरवालों को फोन कर पत्नी की हत्या कर दिए जाने की जानकारी दी। आरोपित पति को पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार झारखंड के लातेहार निवासी शशिभूषण कुमार विगत आठ महीनों से सरगुजा जिले के ग्राम सोनतराई में पत्नी मंजू देवी के साथ किराए के घर में रहता था। यहां रहकर शशिभूषण किराना दुकानों में बिस्कुट और चॉकलेट की सप्लाई का काम करता था।
नौ फरवरी की रात वह मैनपाट से अपना काम निपटाकर शाम को थका हारा घर वापस लौटा था। घर में पत्नी द्वारा खाना नही बनाने से दुखी पति खाना बनाने जा रहा था, तभी उसकी पत्नी उससे विवाद करने लगी।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में विवाहिता की मौत पर अस्पताल में भिड़े मायके और ससुराल पक्ष क लोग, मृतका के पिता ने पति पर लगाए आरोप
विवाद के दौरान पत्नी ने पति को गालियां देते हुए गले से मंगलसूत्र निकालकर फेंक दिया। गुस्से में आकर पति ने गमछे से अपनी पत्नी का गला घोंट कर हत्या कर दी। उसने फोन कर घरवालों को पत्नी की हत्या कर दिए जाने की जानकारी दी। स्वजन भी सोनतराई पहुंच गए थे। इस घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या के आरोपित पति को गिरफ्तार कर धारा 103(1) के तहत जेल भेज दिया।