
राजनांदगांव नईदुनिया प्रतिनिधि: विजयादशमी के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की पुलिस लाइन रक्षित आरक्षित केंद्र में पारंपरिक और हर्षोल्लास के माहौल के साथ शस्त्र पूजा का भव्य आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की गरिमामयी मौजूदगी में पुलिस विभाग के अस्त्र-शस्त्रों, गोला-बारूद और सुरक्षा में उपयोग होने वाले शासकीय वाहनों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान एसपी ने खुद हर्ष फायर कर पारंपरिक शस्त्र पूजन की सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया।
विजयादशमी के अवसर पर शस्त्रागार आर्मी/पुलिस आर्मरी में रखी गई आधुनिक राइफलों, रिवॉल्वर, गोला-बारूद और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कतारबद्ध तरीके से स्थापना कर विशेष पूजा की गई। पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ यह अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इसके साथ ही, पुलिस विभाग के बेड़े में शामिल वज्र वाहनों, पेट्रोलिंग गाड़ियों और अन्य शासकीय वाहनों पर भी कुमकुम-हल्दी का तिलक लगाकर उनका विधिवत पूजन किया गया।
शासकीय अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों के पूजन के उपरांत पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने हर्ष फायर कर परंपरा को आगे बढ़ाया। इस पारंपरिक और गरिमामयी आयोजन में पुलिस विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी, आरक्षक और भारी संख्या में पुलिस जवान उपस्थित रहे। पूजा-अर्चना के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने मीडिया के माध्यम से राजनांदगांव जिले के समस्त नागरिकों को विजयादशमी 'दशहरा' पर्व की आत्मीय शुभकामनाएं दीं।