घरेलू विवाद से थी तंग, परेशान होकर खुद को किया आग के हवाले, बचाने की कोशिश में पति भी झुलसा
CG News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में घरेलू विवाद से तंग आकर एक महिला ने खुद को आग लगा ली। मृतिका पति के शराब पीने से परेशान थी और आए दिन दोनों के बीच घरेलू वाद-विवाद होता रहता था। लेकिन दोनों के बीच आपसी विवाद इस कदर बढ़ गया कि पत्नी ने तैश में आकर खुद पर केरोसीन छिडक़कर आग लगा ली।
Publish Date: Sun, 20 Jul 2025 06:13:00 PM (IST)
Updated Date: Sun, 20 Jul 2025 06:13:00 PM (IST)
महिला ने खुद को किया आग के हवाले (सांकेतिक तस्वीर)नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव: खैरागढ़ के ग्राम मदुराकुही में एक घरेलू विवाद से तंग महिला ने खुद को आग लगा ली। वहीं पत्नी को आग से बचाने की कोशिश करने के दौरान पति भी झुलस गया। आग में झुलसी महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पति का उपचार चल रहा है। मिली मुताबिक मदुराकुही गांव में पति के रोजाना शराब पीने की हरकत से परेशान 34 साल की ममता साहू ने केरोसीन डालकर स्वयं को आग लगा ली।
बुरी तरह झुलस गई महिला
इस घटना में महिला बुरी तरह से झुलस गई। पति ने पत्नी को बचाने के लिए आग बुझाने की कोशिश की। जिसमें वह भी झुलस गया। बताया जा रहा है कि आग से झुलसी महिला को खैरागढ़ सिविल अस्पताल लाया गया। इसके बाद महिला को पति संग राजनांदगांव मेडिकल कालेज रिफर किया गया, जहां पत्नी की मौत हो गई और पति राजकुमार साहू की भी हालत नाजुक बताई जा रही है।
चारों बच्चे और दादी थी मौजूद
मृतिका पति के शराब पीने से परेशान थी। आए दिन दोनों के बीच घरेलू वाद-विवाद होता था। शनिवार को दोपहर दो बजे शराबखोरी से परेशान पत्नी ने पति पर गुस्सा निकाला। आपसी विवाद इस कदर बढ़ गया कि पत्नी ने तैश में आकर खुद पर केरोसीन छिडक़कर आग लगा ली।
आग में झुलसी महिला की चीख-पुकार सुनकर पति बचाने के लिए पहुंचा। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दंपत्ति के बच्चे और बुजुर्ग दादी भी थी। महिला के चार बच्चे हैं। इस घटना से गांव में मातम छाया हुआ है। वहीं परिवार पर कहर टूट पड़ा है।