नईदुनिया प्रतिनिधि, सुकमा: सुबह से जिले में बारिश हो रही है। इस बीच सर्चिग पर निकले सुरक्षाबल के जवानों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। यह मुठभेड़ सुबह से रुक-रुक कर चल रही थी। साथ ही एक आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसके चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए। इसके बाद भी मौके पर जवान और माओवादियों के बीच मुठभेड़ जारी थी। दोपहर में मुठभेड़ बंद होने के बाद सर्चिग की गई, जहां एक माओवादी का शव बरामद हुआ। देर शाम सभी जवान सुरक्षित वापस कैंप लौटे। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी किरण चव्हाण ने की।
जानकारी के मुताबिक जिले के केरलापाल थानाक्षेत्र स्थित गोगुंड़ा की पहाड़ियों में माओवादी एकत्रित होने और शहीदी सप्ताह के दौरान बड़ी घटना करने के फिराक में थे, जिसकी सूचना सुरक्षाबल के जवानों को मिली। देर रात को एसटीएफ, सीआरपीएफ और डीआरजी के जवानों का एक ऑपरेशन लॉन्च किया गया। रात में ही सुरक्षाबल के जवान पहाड़ी पर पहुंचे, जहां सुबह होते ही दोनों ओर से फायरिंग होनी शुरू हो गई।
इस बीच एक आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसके चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए। उसके बाद भी जवानों ने मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की और दोपहर में मुठभेड़ बंद हो गई और मौके से माओवादी जंगल और बारिश का फायदा उठाते हुए भाग गए। उसके बाद इलाके की सर्चिग के दौरान एक माओवादी का शव बरामद हुआ, साथ ही आसपास बहुत जगह खून के धब्बे दिखाई दिए। सर्चिग खत्म कर सभी जवान सुरक्षित वापस कैंप लौट आए। वही मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए एसपी किरण चव्हाण ने कहा कि एक माओवादी का शव बरामद हुआ है।
इस मुठभेड़ में एक आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें तीन जवान घायल हुए है। घायल जवान सलीम तिर्की, माड़वी मुकेष और बारसे रामा का प्राथमिक उपचार किया गया उसके बाद जिला अस्पताल लाया गया। एक जवान के पैर में चोट लगी है तो दूसरे जवान के आंख में चोट आई है। दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा गया।