
सुकमा। Sukma News छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सुकमा जिले के नदी- नाले उफान पर है। जिले की मलगेर व फूल नदी का जलस्तर बढ़ गया है। करीब एक दर्जन गांवो का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। वही शबरी का जलस्तर बढ़ गया है। इसी का जायजा लेने के लिए कलेक्टर व एसपी कोण्टा पहुंचे।
जिले के छिंदगढ़ ब्लाक मुख्यालय से लगी हुई फूल नदी उफान पर है। रेड्डीपाल जाने वाला मार्ग बंद हो गया है। पुल के ऊपर से करीब 4 फ़ीट नदी का पानी बह रहा है। वहां तैनात जवानों ने आवाजाही के लिए रोक लगा दी है। रेड्डीपाल समेत आधा दर्जन गांव से सम्पर्क टूट चुका है। साप्ताहिक बाजार आए लोग घर जाने को इंतज़ार कर रहे हैं। वहीं नदी के उस पार कई कर्मचारियों के घर हैं जो काम से दफ्तर आए हुए थे लेकिन अब पानी कम होने के बाद ही घर जा पाएंगे। दूसरी और गादीरास के पास मलगेर नदी उफान पर हैं। थाने के सामने पुल पर नदी का पानी आ गया। जहां पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। लिहाजा वहां आवगमन बंद कराने के लिए पुलिस को तैनात किया गया।
गोदावरी व शबरी का बढ़ा जलस्तर
लगातार हो रही बारिश के कारण सीमावर्ती प्रदेश तेलंगाना में गोदावरी का जलस्तर बढ़ गया है। बताया जाता है कि गोदावरी का जलस्तर आधी रात तक 35 फ़ीट हो जाएगा। साथ ही आंध्रप्रदेश में निर्माणाधीन पोलावरम बांध का जलस्तर 28.22 मीटर हो गया है। ऐसे में शबरी का जलस्तर बढ़ जाएगा और बेक वाटर से परेशानी बढ़ सकती है।
कलेक्टर व एसपी पहुंचे कोण्टा
कलेक्टर हरिस एस व एसपी किरण चव्हाण कोण्टा पहुंचे। वहां बाढ़ प्रभावित वार्डो का निरीक्षण किया। साथ ही बाढ़ से निपटने की तैयारी व राहत शिविरों का जायजा लिया। ताकि बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर लोग परेशान ना हो। वहीं अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए कहा कि खतरे की पहली घंटी बजते ही प्रभावित इलाकों में चेतावनी जारी करे।