
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर: सूरजपुर जिले के वनांचल चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहरसोप में गुरु घासीदास राष्ट्रीय उद्यान के घने जंगल में कब्र में दफन किए गए एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बारिश और जंगली जानवरों द्वारा खोदने के कारण शव का ऊपरी हिस्सा बाहर आ गया था। सोमवार सुबह जंगल में मवेशी चराने गए चरवाहों की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मोहरसोप पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कमलेश पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चांदनी बिहारपुर थाना प्रभारी आरपी साहू, एफएसएल टीम और तहसीलदार करमचंद जाटवर भी घटनास्थल पहुंचे। चारों ओर घने जंगल से घिरे घटनास्थल पर ग्रामीणों की मदद से कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान नहीं हो सकी है। एफएसएल टीम ने मौके की बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को घटनास्थल से दो खाली बोरे, कुछ रस्सियां, मृतक के कपड़े और नमक के करीब 11 खाली पैकेट मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को जंगल में लाकर गड्ढा खोदकर दफन किया गया होगा। शव को जल्दी गलाने के उद्देश्य से कब्र में नमक डाले जाने की भी आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी आरपी साहू के अनुसार मृतक लगभग 30 से 32 वर्ष का है। शव करीब पांच से छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
यह भी पढ़ें- अक्षत हत्याकांड में अंबिकापुर कोर्ट का बड़ा फैसला! खुद की हत्या कराने वाले मामले में नार्को टेस्ट से साबित हुआ जुर्म
मध्यप्रदेश-उत्तर प्रदेश से जुड़ा हो सकता है मामला
घटनास्थल चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ऐसे इलाके में है, जो मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा से भी जुड़ा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि मृतक आसपास के क्षेत्र के अलावा पड़ोसी राज्य का भी हो सकता है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा शव की पहचान नहीं किए जाने के कारण फिलहाल पुलिस के सामने मृतक की शिनाख्त सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
पुलिस ने आसपास के थानों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के संबंधित थाना प्रभारियों को भी शव मिलने की सूचना भेजी है। मृतक की पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।