
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : शहर में नए खुले मेगा मार्ट के शुभारंभ के पहले ही दिन ग्राहकों को बेचे जा रहे खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। यहां खरीदारी करने पहुंची एक युवती ने पास्ता के पैकेट में जीवित कीड़े देखकर जब इसकी शिकायत की तो, मामला सीधे कलेक्टर तक पहुंच गया।
कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल मार्ट में दबिश दी। जांच के दौरान पास्ता के कई पैकेटों में कीड़े मिलने की पुष्टि हुई। टीम ने संदिग्ध खाद्य सामग्री का स्टाक सील कर जब्त कर लिया है और नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की है।
जानकारी के अनुसार, मार्ट के शुभारंभ के पहले ही दिन रात में संगीता साहू खरीदारी करने पहुंची थीं। उन्होंने अन्य सामान के साथ पास्ता का एक पैकेट भी लिया। घर ले जाने से पहले जब उन्होंने पैकेट को ध्यान से देखा तो उसमें कीड़े रेंगते नजर आए। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत काउंटर पर मौजूद कर्मचारी से की।
यह भी पढ़ें- सूरजपुर में चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयक समय पर न भेजने पर डीईओ सख्त, सभी डीडीओ को जारी किए निर्देश
आरोप है कि कर्मचारी ने पैकेट हटाने की बात तो कही, लेकिन उसे अलग रखने के बजाय एक स्थान से उठाकर दूसरी जगह रख दिया और उसके ऊपर दूसरे पैकेट रख दिए। इस रवैये से नाराज ग्राहक ने सवाल उठाया कि यदि इस तरह की खाद्य सामग्री ग्राहकों को बेची जाएगी तो लोगों की सेहत की जिम्मेदारी कौन लेगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संगीता साहू ने फोन के माध्यम से कलेक्टर से शिकायत की। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम तत्काल मेगा मार्ट पहुंची और खाद्य सामग्री की जांच शुरू की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान पास्ता के कई पैकेटों में कीड़े स्पष्ट रूप से दिखाई दिए।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर संदिग्ध पास्ता स्टाक को सीलबंद कर जब्त कर लिया है। जांच के लिए नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मार्ट प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर में बड़े ब्रांड और आकर्षक डिस्प्ले के साथ खरीदारी की सुविधा देने वाले मार्ट में पहले ही दिन इस तरह का मामला सामने आने से खाद्य सामग्री के भंडारण, रखरखाव और गुणवत्ता नियंत्रण पर सवाल उठने लगे हैं। अब निगाहें प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट और विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं।