
नईदुनिया न्यूज़, बिश्रामपुर। लटोरी चौकी क्षेत्र में एक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। भतीजे की शादी का आमंत्रण कार्ड बांटकर घर लौट रहे 45 वर्षीय ग्रामीण की तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की है। मृतक की पहचान दिनेश सिंह पिता आनंद सिंह (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूलतः ग्राम अनरोखा कला का निवासी था और पिछले एक दशक से अपने ससुराल ग्राम सोनगरा में रह रहा था। सोमवार को वह अपने भतीजे के विवाह का निमंत्रण बांटकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था।
इसी दौरान गंगापुर के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर वाहन क्रमांक यूपी 78 एसएन 0514 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिनेश सिंह वाहन के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने सड़क पर पड़े शव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी भिजवाया और बनारस मार्ग पर बाधित यातायात को सुचारू कराया। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हादसे में शामिल कंटेनर वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपित चालक रामहर्ष सिंह निवासी कानपुर यूपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, जैसे ही घटना की खबर मृतक के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।