
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर: सूरजपुर जिले के जंगलों में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है। मोहनपुर जंगल में डेरा जमाए एक दर्जन से अधिक हाथियों के दल से बिछड़े दो हाथी अलग-अलग दिशाओं में विचरण कर रहे हैं। वहीं 11 हाथियों का एक अन्य दल रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के शिवनगर स्थित ओडार बहरा के आसपास सक्रिय है। हाथियों की अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूदगी से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवक हाथियों के नजदीक जाकर वीडियो बनाने का जोखिम उठा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मोहनपुर जंगल में मौजूद हाथियों के बड़े दल से बिछड़ा एक हाथी बुधवार दोपहर चंदरपुर जंगल में विचरण करता दिखाई दिया। इस दौरान गांव के कुछ युवक हाथी को देखकर उसका वीडियो बनाने के लिए उसके काफी करीब पहुंच गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद वन अमले ने शोर मचाकर युवकों को वहां से खदेड़ा। समय रहते युवकों को हाथी से दूर कर दिया गया, अन्यथा जरा सी चूक गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी। वहीं दूसरा बिछड़ा हाथी रामेश्वरपुर की ओर विचरण करता देखा गया है।
चंदरपुर क्षेत्र में विचरण कर रहे हाथी ने गांव के फुटबाल मैदान को दूसरी बार क्षतिग्रस्त कर दिया है। हाथियों के लगातार विचरण से ग्रामीणों की खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है। खेतों में लगी फसलों को हाथी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों को इस बात की भी चिंता सता रही है कि रात के समय हाथियों का रुख गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर न हो जाए।
यह भी पढ़ें- खुदा का मसीहा बताकर सरगुजांचल में लाखों की ठगी, उत्तरप्रदेश का युवक हिरासत में, पीर बनकर लूटा
शिवनगर के ओडार बहरा के आसपास 11 हाथियों का दल
इधर रामानुजनगर वन परिक्षेत्र में भी हाथियों की सक्रियता बनी हुई है। बुधवार को 11 हाथियों का दल शिवनगर के ओडार बहरा के आसपास विचरण करता रहा। इस क्षेत्र के ग्रामीणों को भी वन विभाग ने सतर्क रहने की हिदायत दी है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन अमला उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है और आसपास के गांवों में लगातार मुनादी कराई जा रही है।
फिलहाल सूरजपुर वन परिक्षेत्र के चंदरपुर और रामेश्वरपुर क्षेत्र के साथ रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के शिवनगर इलाके में वन अमला निगरानी बनाए हुए है।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों की सूचना मिलने पर स्वयं उनका पीछा करने के बजाय तत्काल वन विभाग को जानकारी दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में थोड़ी सी असावधानी भी जनहानि का कारण बन सकती है।