
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम महेशपुर में एक ही परिवार पर दो दिनों में दोहरी त्रासदी टूट पड़ी। पहले बाड़ी की फेंसिंग में फैले करंट की चपेट में आकर बड़े भाई की मौत हो गई, वहीं अगले ही दिन छोटे भाई ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जानकारी के अनुसार शनिवार 28 फरवरी को नर्मदा प्रसाद हैंडपंप की ओर गए थे। बाड़ी में लगी फसलों को जानवरों से बचाने के लिए लगाई गई फेंसिंग तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए और तार से चिपक गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्वजन उन्हें तत्काल प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने जांच की। पता चला कि छोटे भाई गणेश राजवाड़े द्वारा जीआई तार पर करंट प्रवाहित किया गया था। इसी आधार पर गणेश के विरुद्ध पुलिस ने अपराध पंजीकृत किया था। बड़े भाई की मौत के बाद परिवार में शोक और तनाव का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें- कोरबा में सिरफिरा आशिक चाकू लेकर घर आ धमका, कहा- 'मेरी हो, किसी और की हुई तो मार दूंगा'
स्वजन के मुताबिक, छोटा भाई गणेश सहमा हुआ था। रविवार रात वह घर से कुछ दूर चला गया और एक महुआ पेड़ पर फांसी लगा ली। सोमवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। मृतक की टी-शर्ट पर पत्नी के नाम सुसाइड नोट लिखा हुआ मिला। मृतक ने अपनी पत्नी के लिए लिखा है कि, "रीना मुझे माफ कर देना।" छोटे भाई के विरुद्ध अपराध पंजीकृत किया गया था। छोटे भाई ने टी-शर्ट पर पत्नी के लिए लिखा था कि, रीना मुझे माफ कर देना।