
नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर। देर रात सुनसान राजमार्ग पर अचानक पटाखों की तेज आवाज, सड़क के बीच खड़ी कारें और बोनट पर केक काटकर जश्न मनाना मनचले युवकों को अब भारी पड़ रहा है। सूरजपुर और सरगुजा जिले की सीमा पर युवकों के इस बर्थडे सेलिब्रेशन ने आधे घंटे तक स्टेट हाइवे पर अव्यवस्था फैला दी और एम्बुलेंस समेत कई वाहन जाम में फंस गए। जन्मोत्सव का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होते ही एसएसपी के निर्देश पर हरकत में आई लटोरी पुलिस ने मामले में मनचले युवकों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
घटना अंबिकापुर-बनारस स्टेट हाइवे की है, जहां 16 फरवरी की रात कुछ मनचले युवक चठिरमा सीमा क्षेत्र में स्थित ढाबे में जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। पहले ढाबे में पार्टी की गई, फिर जश्न का जोश इतना बढ़ा कि युवक सड़क पर उतर आए। चारपहिया वाहन खड़े कर दोनों ओर से रास्ता बंद कर दिया गया और बीच सड़क पर जमकर आतिशबाजी की गई।
इसके बाद कार की बोनट पर केक काटकर सेलिब्रेशन किया गया। इस दौरान लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कई वाहन फंसे हुए हैं और एक एम्बुलेंस भी जाम में खड़ी है। हालांकि उसमें मरीज था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। करीब आधे घंटे बाद जब युवकों का जश्न खत्म हुआ, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, हालांकि बाद में उसे डिलीट कर दिया गया। मामला जयनगर थाना क्षेत्र की लटोरी पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है। लटोरी पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आधा दर्जन अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 और 126(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी अरुण गुप्ता के अनुसार वीडियो में दिख रहे चेहरों की पहचान की जा रही है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले ही सड़कों पर जन्मदिन या अन्य आयोजनों के नाम पर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दे चुका है।
यह भी पढ़ें- पेट्रोल पंप पर 'जानलेवा' मजाक, मामूली बहस के बाद युवक ने लाइटर से लगा दी आग, बाल-बाल बची कई जानें
इंटरनेट मीडिया में बनारस रोड सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने कुछ व्यक्तियों द्वारा रोड में कार खड़ी कर जन्मदिन पर केक काटने, पटाखा फोड़ना संबंधी वीडियो प्रसारित होने पर अमितेश गुप्ता,अंशुल अग्रवाल दोनों निवासी अंबिकापुर व उनके साथ चार-पांच अन्य साथियों को चिन्हांकित कर चौकी लटोरी में धारा 126(2,) 283 भारतीय नागरिक संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।