सूरजपुर में घर में घुसे नकाबपोशों ने बच्ची के गले पर चाकू अड़ाकर शिक्षक के घर से डेढ़ लाख रुपये लूटे
दीवार पर टंगी चाबी से घर में प्रवेश करने के कारण किसी परिचित के हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Wed, 28 Oct 2026 05:39:01 PM (IST)Updated Date: Wed, 28 Oct 2026 05:39:01 PM (IST)
Demo pic aiHighLights
- सूरजपुर में शिक्षक के घर चार नकाबपोशों ने की लूट।
- ढाई साल की बच्ची के गले पर अड़ाया चाकू।
- डेढ़ लाख नकद लूटे, दो महिलाओं के शामिल होने का शक।
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर: भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम अघिना सलका में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात चार नकाबपोशों ने एक सरकारी शिक्षक के घर धावा बोलकर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। आरोपितों ने शिक्षक की महज ढाई साल की बच्ची के गले पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात में दो पुरुषों के साथ दो महिलाओं के शामिल होने की बात सामने आई है।
घर में प्रवेश के लिए चैनल गेट की चाबी का इस्तेमाल किए जाने से आशंका जताई जा रही है कि लुटेरों को परिवार की दिनचर्या और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी थी। भटगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 309 (6) एवं 3 (5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अघिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह शासकीय प्राथमिक शाला कोटेया में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उनकी पत्नी बलिता मिंज ओड़गी क्षेत्र के माड़र भकुरा बीट में वनरक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
बच्ची की जान बचाने के लिए अलमारी की चाबी सौंपी
सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। शिक्षक की आदत थी कि वे रात में घर के चैनल गेट पर ताला लगाकर उसकी चाबी पास ही दीवार में टांग देते थे। घटना की रात भी उन्होंने ऐसा ही किया था। रात करीब एक बजे चार नकाबपोश घर में घुस आए। उन्होंने शिक्षक को जगाया और उनकी ढाई साल की बच्ची के गले पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर में रखी नकदी की मांग की। बच्ची की जान खतरे में देख शिक्षक भयभीत हो गए और उन्होंने अललमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये लुटेरों को सौंप दिए।
पीड़ित शिक्षक के मुताबिक, लूट की वारदात को अंजाम देने वालों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। नकदी लूटने के बाद आरोपित घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गए। बाद में पता चला कि लुटेरों ने दीवार पर टंगी चैनल गेट की चाबी उठाकर ताला खोला था और घर में प्रवेश किया था।
परिचितों की संलिप्तता की आशंका
चैनल गेट की चाबी नियमित रूप से कहां रखी जाती थी, इसकी जानकारी होने से वारदात में किसी जानकार की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आरोपितों की पहचान और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। भटगांव पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।