
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : शराब का नशा एक बार फिर एक परिवार के लिए मौत का कारण बन गया। घरेलू विवाद के दौरान गुस्से में आए पति ने अपनी ही पत्नी पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गई। घटना सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तेलसरा के बड़कापारा की है। पुलिस ने आरोपित पति जयकरण विश्वकर्मा के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तेलसरा निवासी जयकरण विश्वकर्मा और उसकी पत्नी उर्मिला दोनों शराब पीने के आदी थे। गुरुवार शाम करीब पांच बजे जयकरण शराब के नशे में घर पहुंचा। उस समय उसकी पत्नी उर्मिला भी नशे में थी। इसी दौरान किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ते-बढ़ते इतनी गंभीर हो गई कि जयकरण ने गुस्से में पत्नी को जान से मारने की धमकी दे दी।
बताया जा रहा है कि पति की धमकी पर पत्नी ने भी आवेश में उसे मारकर दिखाने की चुनौती दे दी। इसी बात से जयकरण बौखला गया और घर में रखी टांगी उठाकर उर्मिला पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल उर्मिला ने दम तोड़ दिया। घर के भीतर हुए इस खूनी संघर्ष ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने जयकरण विश्वकर्मा के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में सिम्स के गेट पर ऑटो चालक की दबंगई: टीआई से की धक्का-मुक्की व गाली-गलौज, वीडियो वायरल
नशे में उजड़ गया परिवार
इस घटना ने एक बार फिर शराब की लत से उपजने वाले पारिवारिक विवादों के भयावह परिणाम को सामने ला दिया है। जिस घर में पति-पत्नी के बीच मामूली घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई, वहां कुछ ही देर में एक की जान चली गई। नशे की हालत में गुस्से और आवेश पर नियंत्रण खोने की कीमत एक महिला को अपनी जिंदगी देकर चुकानी पड़ी।