
नईदुनिया न्यूज, लखनपुर: थाना लखनपुर अंतर्गत ग्राम रजपुरीकला के टिकरापारा में तीन नवंबर की सुबह घर के आंगन में मिले 40 वर्षीय युवक के लहूलुहान शव के मामले का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। युवक की हत्या पड़ोस में रहने वाले दो चचेरे भाइयों ने ही की थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।बुआ को गाली देने से नाराज होकर आरोपितों ने घटना कारित की थी।
मृतक की पहचान अंगद राम चौधरी के रूप में हुई थी। तीन नवंबर की सुबह करीब आठ बजे गांव के रोशन चौधरी की नजर आंगन में पड़े शव पर पड़ी थी। उसने मृतक के छोटे भाई महादेव को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर सिर में गहरे जख्म, गले पर चोट और कपड़े खून से सने मिले थे। सूचना पर थाना प्रभारी संपत पोटाई, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची थी।
पुलिस को घटनास्थल पर घर के अंदर फर्श पर खून के धब्बे, टूटी हुई कुर्सी और घर से आंगन तक खून के निशान मिले थे। इससे यह आशंका जताई जा रही थी कि हत्या घर के अंदर ही की गई है और संघर्ष के बाद युवक बाहर आंगन में गिरकर दम तोड़ दिया।मृतक के छोटे भाई महादेव चौधरी ने बताया था कि उसकी भाभी चार महीने पहले मायके चली गई थी, तब से अंगद अकेला रह रहा था।
जांच के दौरान पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले दो चचेरे भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार दो नवंबर की शाम अंगद राम चौधरी आरोपित धर्मेंद्र चौधरी के घर में शराब पी रहा था। उस दौरान धर्मेंद्र का चचेरा भाई मुकेश भी मौजूद था। शराब पीने के दौरान अंगद ने धर्मेंद्र की बुआ को गाली देना शुरू कर दिया। दोनों भाइयों ने उसे मना किया और घर से चले गए, लेकिन वह लगातार गालियां देता रहा।
इससे नाराज होकर दोनों ने उसकी पिटाई कर दी और मुकेश चौधरी ने घर में रखी लोहे की छेनी से उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट और अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई।पुलिस ने आरोपित ग्राम रजपुरीकला निवासी मुकेश चौधरी पिता श्यामलाल चौधरी (23) और धर्मेंद्र चौधरी पिता स्व. चंदन राम चौधरी (26) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।