एक ही परिवार में पति-पत्नी की रहस्यमय मौत, जायसवाल समाज ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
महिला की सड़क दुर्घटना और उसके पति की संदिग्ध मौत के मामले में जायसवाल समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय के बजाय जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 07:45:27 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 07:45:27 PM (IST)
एसपी को ज्ञापन सौंपता जायसवाल समाज का प्रतिनिधिमंडलफोटो समाजHighLights
- सूरजपुर में चंद्रावती और उनके पति संजय की संदिग्ध मौत।
- जायसवाल समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच मांगी।
- स्थानीय के बजाय जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों से जांच की मांग।
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर: ग्राम कुबेरपुर निवासी चंद्रावती जायसवाल और उनके पति संजय जायसवाल की एक के बाद एक हुई मौतों का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। एक ही परिवार में हुई इन दो घटनाओं को लेकर जायसवाल समाज ने चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है।
मंगलवार 17 नवंबर को समाज के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग उठाई। समाज की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि चंद्रावती जायसवाल की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद उनके पति संजय जायसवाल की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
कम समय के अंतराल में हुई इन दोनों घटनाओं ने परिवार को गहरे संकट में डालने के साथ ही समाज के लोगों के मन में भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। समाज ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए दोनों मौतों से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कराने पर जोर दिया है।
ज्ञापन में विशेष रूप से संजय जायसवाल की मौत के कारणों का पता लगाने तथा मृत्यु से पूर्व उन्हें कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना दिए जाने के संबंध में सामने आई बातों की गहन पड़ताल करने की मांग की गई है। समाज का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों, परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों की निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता अथवा आपराधिक भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थनीय स्तर पर जांच को लेकर जताई आशंका
समाज ने ज्ञापन में एक महत्वपूर्ण मांग रखते हुए कहा है कि पूरे मामले की जांच स्थानीय अधिकारियों से न कराकर जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों से कराई जाए। इससे जांच किसी स्थानीय प्रभाव, दबाव अथवा पक्षपात की आशंका से मुक्त रह सकेगी और पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा मिल सकेगा। समाज ने जांच की प्रक्रिया को पारदर्शी रखते हुए अब तक हुई कार्रवाई और जांच की प्रगति से पीड़ित परिवार के साथ समाज द्वारा नामित प्रतिनिधि को भी अवगत कराने की मांग की है।
बच्चों की सुरक्षा और भविष्य की चिंता
ज्ञापन में परिवार के बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और भविष्य का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। समाज का कहना है कि माता-पिता दोनों को खो चुके परिवार के बच्चों के सामने अब सामाजिक और आर्थिक चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं। ऐसे में प्रशासन को उनकी सुरक्षा, शिक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सहयोग और संरक्षण उपलब्ध कराना चाहिए।
जायसवाल समाज ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान करना या किसी पर बेबुनियाद आरोप लगाना नहीं है, बल्कि दोनों मौतों के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों को सामने लाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार जायसवाल के साथ रितेश जायसवाल, मिथलेश जायसवाल, नीरज गुप्ता, राकेश जायसवाल और संदीप गुप्ता सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।