
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर। जिले में धान खरीदी व्यवस्था में बड़ा घोटाला सामने आया है। सावारावां उपार्जन केंद्र में भौतिक सत्यापन के दौरान 32,838 क्विंटल धान कम मिला, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि कलेक्टर के निर्देश के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
जांच में सामने आया कि रिकॉर्ड में 65,813.60 क्विंटल धान दर्शाया गया था, जबकि मौके पर केवल 32,975.60 क्विंटल ही मिला। वहीं खाली बारदाने की 7,961 बोरी अधिक मिलने से रिकॉर्ड में हेरफेर की आशंका गहरा गई है।
जिले के उमेश्वरपुर, शिवप्रसादनगर, टुकुडांड़, लटोरी, चंदौरा और जिला मुख्यालय केंद्र में भी हजारों क्विंटल धान कम मिला। प्रशासनिक पुष्टि के बावजूद अब तक सीमित कार्रवाई होने से सवाल उठ रहे हैं। जिला खाद्य अधिकारी संदीप भगत ने कहा है कि सावारावां केंद्र मामले में दोषियों पर जल्द एफआईआर दर्ज की जाएगी और जांच जारी है।