सूरजपुर में लिव इन का प्यार बना काल, परिजनों का आरोप आशिक ने मारपीट कर हत्या की और फंदे पर लटकाई लाश
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 24 Sep 2026 04:11:42 PM (IST)Updated Date: Thu, 24 Sep 2026 04:11:42 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- आठ महीने से प्रेमी के साथ रह रही 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
- परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने और हत्या का आरोप लगाते हुए एसपी से की थी शिकायत।
- जांच के बाद रामानुजनगर थाने में प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर: रामानुजनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग प्रेमिका की मौत के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ केस दर्ज किया है। नाबालिग प्रेमिका लिव इन में रह रही थी। प्रेमी पर नाबालिग प्रेमिका के साथ मारपीट करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार एक गांव की 17 वर्षीय नाबालिग का उसी थाना क्षेत्र के एक युवक से प्रेम संबंध था। करीब आठ माह पहले नाबालिग अपने घर से निकलकर प्रेमी के घर आ गई थी और दोनों साथ में रह रहे थे।स्वजन ने उसे वापस बुलाने का प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं लौटी। 17 सितंबर की दोपहर नाबालिग प्रेमिका की प्रेमी के घर पर ही फांसी पर लटकी लाश मिली थी। घटना के समय प्रेमी के स्वजन घर में ही थे। उन्होंने उसे नीचे उतारा। इसके बाद प्रेमी ने फोन कर नाबालिग की बड़ी बहन को घटना की सूचना दी थी।
सूचना पर नाबालिग के स्वजन प्रेमी के घर पहुंचे थे। उस समय शव कमरे में रखा हुआ था।पुलिस ने सूचना पर कार्यपालक दंडाधिकारी की उपस्थिति में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और स्वजन के बयान दर्ज किए थे। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आई थी।
इधर नाबालिग के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। स्वजन ने आरोप लगाया था कि उन्हें अंतिम संस्कार से संबंधित जानकारी नहीं दी गई और नाबालिग के शरीर पर चोट के निशान थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी।
शिकायत और जांच के बाद रामानुजनगर थाना पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल प्रेमी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।