सूरजपुर पुलिस ने MP के सतना से पकड़े तीन आरोपी, अमानत में खयानत कर 15 लाख के सरिये बेचने का मामला
ट्रक चालक ने बेइमानीपूर्वक अमानत में खयानत करते हुए करीब 15 लाख 23 हजार 908 रुपये मूल्य का सरिया गायब कर दिया। रिपोर्ट पर धारा 316(3) बीएनएस के तहत मा...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 02 Feb 2026 06:52:10 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Feb 2026 07:00:01 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।HighLights
- पांच राज्यों में जांच के बाद पकड़े गए गबन के तीन आरोपित
- अमानत में खयानत कर 15 लाख का सरिया बेचने का मामला
- अंतरराज्यीय तकनीकी जांच से पकड़ा गया मुख्य आरोपित
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर। अमानत में खयानत के एक संगठित और सुनियोजित मामले में थाना सूरजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपितों को सतना मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से सरिया बिक्री की रकम से खरीदे गए तीन ट्रक सहित तकरीबन डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
श्पांच राज्यों के विभिन्न जिलों में स्थित टोल प्लाजा और प्रमुख स्थानों की सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपित तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली।
14 जनवरी को ग्राम नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके यूबी. वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट नयनपुर से ट्रक क्रमांक यूपी 61 एटी 2832 के माध्यम से 30 टन 160 किलोग्राम सरिया (छड़) भदौही, उत्तरप्रदेश भेजा गया था।
ट्रक चालक ने बेईमानीपूर्वक अमानत में खयानत करते हुए करीब 15 लाख 23 हजार 908 रुपये मूल्य का सरिया गायब कर दिया। रिपोर्ट पर धारा 316(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसके लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी, विवेचना के दौरान ट्रक को उत्तरप्रदेश के जिला चित्रकूट अंतर्गत भरतकूप थाना क्षेत्र से बरामद किया गया था। जांच में चालक द्वारा प्रस्तुत आधार कार्ड एवं ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी और कूटरचित पाए गए।
कई राज्यों में सीसी कैमरे को खंगाला तब पकड़ में आए आरोपित
- तकनीकी विश्लेषण एवं विभिन्न राज्यों क्रमशः छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश के टोल प्लाजा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपित को बरगवां, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) से गिरफ्तार किया गया।
- पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम मनीष यादव उर्फ अरुण सिंह होना स्वीकार किया।
- पूछताछ में पता चला कि आरोपित ने अपने साथी सूरज सोनी निवासी कोलगवां जिला सतना एमपी, एवं मनीष सिंह परिहार निवासी बदखरा थाना कोलगवां जिला सतना एमपी के साथ मिलकर सरिया को सतना में 12 लाख रुपये में बेच दिया और रकम से सेकेंड हैंड ट्रक व मोबाइल खरीदे।
पुलिस ने दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की निशानदेही पर तीन ट्रक, फर्जी दस्तावेज, मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई।
मामले में बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराएं जोड़ते हुए तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।