
नईदुनिया न्यूज, रामानुजनगर। गुरुवार की सुबह एक सड़क दुघर्टना में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भुनेश्वरपुर में पदस्थ शिक्षिका शिखा त्रिपाठी (32) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। शिक्षिका के पांच वर्षीय बेटे को गंभीरावस्था में अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। मृतिका शिक्षिका संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर के कुलसचिव की सुपुत्री हैं। इस घटना के बाद नगर में शोक की लहर दौड़ गई। यूकेलिप्टस की अवैध तस्करी में लिप्त टैक्टर को चालक और परिचालक सहित पुलिस ने हिरासत में लेकर वाहन को थाने में खड़ी करा दी है।
गुरुवार सुबह इस हृदयविदारक घटना ने पूरे नगर को शोक में डुबो दिया। जहां सड़क दुघर्टना में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भुनेश्वरपुर में पदस्थ शिक्षिका शिखा तिवारी अपने मासूम बच्चे के साथ रामानुजनगर स्थित अपने किराए के आवास से स्कूल भुनेश्वरपुर के लिए निकली स्कूटी से निकली थी कि कौशलपुर एमपी ट्रैक्टर गैरेज के पास विपरीत दिशा से आ रहे अवैध लकड़ी तस्करी में प्रयुक्त मॉडीफाइड टैक्टर क्रमांक यूपी 12 बीडब्लू 2352 के चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक चालन करते हुए सामने ठोकर मार दी।
ठोकर इतनी जबर्दस्त थी कि शिक्षिका दूर जा गिरी जिससे शरीर के अनेक हिस्सों में गंभीर चोंट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जबकि पांच वर्षीय बालक कविश पाल के दाहिने पैर में गंभीर चोंट लगने से उसे तत्काल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नगरवासियों के अलावा उनके स्कूल स्टाफ भी पहुंचे शिक्षिका के परिजनों को सूचना दी गई और रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए बनारस निकल गए।
यह भी पढ़ें- ओडिशा पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी 'ड्रग स्ट्राइक', 200 करोड़ की हशीश तेल और 5 करोड़ का गांजा जब्त
शिक्षिका शिखा त्रिपाठी संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में पदस्थ कुलसचिव की बेटी थीं। उनके पति रायपुर में रहते हैं। घटना की जानकारी लगते ही परिजन रामानुजनगर अस्पताल पहुंचे जहां पिता का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। उनके साथ आए विश्वविद्यालय के स्टाफ और स्थानीय लोगों ने संभाला। बताया गया कि शिक्षिका गर्भवती भी थी, ऐसे में एक साथ दो-दो जानें एक साथ निकल जाने और इस दर्दनाक हादसे ने पूरा नगर शोकमग्न कर गया।