
नईदुनिया प्रतिनिधि,सूरजपुर: प्रतापपुर विकासखंड के बरबसपुर दबगड़ी पारा में राशन वितरण में कथित मनमानी और 111 हितग्राहियों से ई-पास मशीन में अंगूठा लगवाकर चावल नहीं देने के मामले की खबर नईदुनिया में प्रकाशित होने के बाद प्रतापपुर एसडीएम ललिता भगत के निर्देश पर खाद्य निरीक्षक शशि जायसवाल ने 15 सितंबर को बरबसपुर पहुंचकर मामले की जांच की।
जांच में हितग्राहियों द्वारा दिए गए बयानों से राशन दुकान के संचालक द्वारा हितग्राहियों का चावल गबन करने की पुष्टि हुई है। खाद्य निरीक्षक द्वारा ग्रामीणों एवं दुकान संचालक की उपस्थिति में बनाए गए एक पंचनामे में 93 हितग्राहियों के अलग-अलग बयान दर्ज किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि शेष 18 हितग्राहियों के गांव में मौजूद नहीं होने के कारण उनके बयान दर्ज नहीं सके। अलग-अलग दर्ज बयानों में 93 हितग्राहियों ने बताया कि बरबसपुर के उचित मूल्य दुकान संचालक मारूफ अली ने नवंबर-दिसंबर 2025 एवं फरवरी-मार्च 2026 यानी कुल चार माह का चावल ई-पास मशीन में अंगूठा लगवाने के बावजूद भी आज तक नहीं दिया है।
हितग्राहियों ने बताया कि प्रत्येक माह बकाया राशन देने मांग की जाती है पर दुकान संचालक अगले माह में मिल जाएगा बोलकर टाल-मटोल कर देता है। हितग्राहियों ने अपने बयान में कहा कि वे दुकान संचालक मारूफ अली की राशन वितरण प्रक्रिया से असंतुष्ट हैं। इस दौरान खाद्य निरीक्षक ने उचित मूल्य दुकान का भौतिक सत्यापन किया तो वहां चावल लगभग 89 बोरी अनुमानित वजन 44.5 क्विंटल, शक्कर 153 किलो एवं 11 बोरी नमक पाया गया।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर के खरसिया चौक के गड्ढे पर डांस कर बैले डांसर सिद्धार्थ यादव ने दिखाई बदहाली, वीडियो ने खींचा सीएम का ध्यान
15 सितंबर तक भी राशन का आवंटन नहीं
खाद्य निरीक्षक शशि जायसवाल द्वारा 15 सितंबर को उचित मूल्य दुकान बरबसपुर के किए गए भौतिक सत्यापन में चावल, शक्कर और नमक का पाया जाना यह स्पष्ट करता है कि दुकान संचालक राशन वितरण में अपनी मनमानी कर रहा है। 15 सितंबर के बाद भी राशन दुकान में ही रखा हुआ पाया गया। इस तरह की बेतरतीब व्यवस्था से राशन वितरण प्रणाली की प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने शुरू हो गए हैं।
जांच के दौरान अध्यक्ष-सचिव रहे अनुपस्थित
खाद्य निरीक्षक के अनुसार प्रशासन ने उचित मूल्य दुकान बरबसपुर को ख्वाजा महिला स्वयं सहायता समूह को आवंटित किया है। दुकान की जांच एवं हितग्राहियों के बयान लेने के दौरान समूह की अध्यक्ष अफसाना खातून एवं सचिव रुखसाना अनुपस्थित रहे। इससे उनके बयान नहीं लिए जा सके। वहीं मौके पर मौजूद दुकान संचालक मारुफ अली ने मामले को लेकर कोई भी बयान देने से मना कर दिया।
हितग्राहियाें ने कहा कि उक्त समूह को आवंटित दुकान तत्काल निरस्त कर अन्य समूह को आवंटित की जाए। साथ ही दुकान संचालक पर उचित कार्रवाई करते हुए बकाया चावल दिलवाया जाए।