छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बस छूटने के बाद तीन वर्षीय बेटे के साथ झोपड़ी में रुकी महिला से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपित गिरफ्तार
सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र में बस छूट जाने के बाद रात में एक झोपड़ी में रुकी एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
Publish Date: Wed, 05 Aug 2026 08:35:50 PM (IST)Updated Date: Wed, 05 Aug 2026 08:38:50 PM (IST)
सामूहिक दुष्कर्म में गिरफ्तार आरोपित। नईदुनियाHighLights
- रात अधिक होने और आवागमन का साधन नहीं मिलने पर झोपड़ी में रुक गई
- महिला के रिश्तेदार पर तीन साथियों के साथ वारदात को अंजाम देने का आरोप
- जंगल में स्थित एक झोपड़ी में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया
नईदुनिया न्यूज, चांदनी बिहारपुर। सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र में बस छूट जाने के बाद रात में एक झोपड़ी में रुकी एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार महिला अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ 28 जुलाई को रिश्तेदारी से अपने घर एमसीबी जिला लौट रही थी। बस स्टैंड पहुंचने पर उसकी बस निकल चुकी थी। रात अधिक होने और आवागमन का कोई साधन नहीं मिलने पर वह बस स्टैंड के समीप एक झोपड़ी में रुक गई।
जंगल में स्थित झोपड़ी में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म
आरोप है कि रात करीब नौ बजे महिला का दूर का एक रिश्तेदार अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा। चारों ने महिला को जबरन पास के जंगल में स्थित एक झोपड़ी में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। अगले दिन सुबह आरोपित वहां से फरार हो गए।
पति के साथ उसने बैकुंठपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई
इसके बाद पीड़िता अपने स्वजनों के पास पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद अपने पति के साथ उसने बैकुंठपुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहां से शून्य में मामला कायम कर चांदनी बिहारपुर थाने केस डायरी भेजी गई।
चांदनी पुलिस ने इस मामले में शिवबरन सिंह 28 वर्ष, रामवृक्ष सिंह 50 वर्ष, रामरूप सिंह 44 वर्ष,जयराम सिंह 26 वर्ष के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है।