
नईदुनिया प्रतिनिधि, बतौली: राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के झरगवा मोड़ के पास सोमवार रात सड़क किनारे लापरवाहीपूर्वक खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक टकराने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय बाइक मुन्ना राम चला रहा था।
बताया गया कि ट्रैक्टर में पंचर होने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था, लेकिन वाहन चालक द्वारा दुर्घटना से बचाव के लिए न कोई संकेतक लगाया गया था, न सावधानी बोर्ड और न ही ट्रैक्टर-ट्राली की लाइट जल रही थी। इसी वजह से अंधेरे में बाइक सवारों को सड़क पर खड़ा वाहन दिखाई नहीं दिया और तेज टक्कर हो गई। मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार अजय कुमार प्रधान (24) निवासी भटको, मुन्ना राम (23) और राजमोहन पिता सुंदर (24) निवासी पथरई सोमवार रात सिलसिला स्थित कुदरगढ़ी एलुमिना फैक्ट्री में दूसरी पाली की ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से बतौली की ओर लौट रहे थे। झरगवा मोड़ के पास सड़क किनारे अंधेरे में खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में मुन्ना राम को गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अजय कुमार प्रधान और राजमोहन गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और ग्रामीणों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान अजय कुमार प्रधान ने भी दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल राजमोहन को मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद पुलिस की जांच में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। बताया गया कि ट्रैक्टर में पंचर था और उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था, लेकिन चालक ने आने-जाने वाले वाहनों को सावधान करने के लिए कोई चेतावनी संकेत, सुरक्षा बोर्ड या अन्य संकेतक नहीं लगाया था। वाहन की लाइट भी जलती हुई नहीं थी।
अंधेरे में यही स्थिति हादसे का कारण बनी। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 सहित अन्य संबंधित धारा के तहत अपराध दर्ज किया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में शोक का माहौल है।