• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • सरगुजा

बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर फूटा गुस्सा: 12वीं के छात्र 8 किमी पैदल चलकर बीईओ से मिलने निकले

सरगुजा के लखनपुर में पुहपुटरा स्कूल के 12वीं के छात्रों ने नियमित पढ़ाई न होने और टीसी की धमकी से नाराज होकर 8 किमी पैदल मार्च निकाला, जिसके बाद अधिकारियों ने पहुंचकर जांच शुरू की है।

By Asim Sen GuptaEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 07:02:02 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 07:02:02 PM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर फूटा गुस्सा: 12वीं के छात्र 8 किमी पैदल चलकर बीईओ से मिलने निकले
अधिकारियों ने बीच रास्ते में रोका और मनाते हुए।

HighLights

  1. लखनपुर के पुहपुटरा स्कूल के छात्र बदहाल शिक्षा से नाराज होकर सड़क पर उतरे।
  2. नियमित पढ़ाई न होने और टीसी काटने की धमकी देने का गंभीर आरोप।
  3. अधिकारियों ने बीच रास्ते में रोककर मनाया, स्कूल पहुंचकर शुरू की जांच।

नईदुनिया न्यूज, लखनपुर: लखनपुर विकासखंड के पुहपुटरा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की बदहाल शिक्षा व्यवस्था से नाराज 12वीं के छात्र-छात्राओं का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। नियमित कक्षाएं नहीं लगने, शिक्षकों के समय पर नहीं पहुंचने और विषयवार शिक्षकों की कमी से परेशान विद्यार्थी अपनी शिकायत लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी से मिलने करीब आठ किलोमीटर पैदल ही लखनपुर के लिए निकल पड़े। छात्र-छात्राओं के सड़क पर उतरने से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह प्रार्थना के बाद 12वीं के विद्यार्थी एक साथ स्कूल से निकलकर पैदल लखनपुर की ओर जाने लगे। पैदल चलते हुए वे जनपद कार्यालय के पास पहुंचे थे कि इसकी सूचना अधिकारियों को मिल गई। सूचना मिलते ही बीईओ देव कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल, थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बीच रास्ते में रोककर उनसे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में करीब 24 शिक्षकों का स्टाफ होने के बावजूद पढ़ाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है।


कृषि और कला संकाय में विषयवार शिक्षकों की कमी के कारण बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है। कई शिक्षक समय पर विद्यालय नहीं पहुंचते और नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होतीं। बोर्ड परीक्षा सिर पर है, लेकिन पाठ्यक्रम अब तक पूरा नहीं हो पाया है।

इस दौरान एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब उसने शिक्षकों के समय पर नहीं आने की बात उठाई तो प्राचार्य ने टीसी काटने की धमकी दी। विद्यार्थियों ने शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने, स्कूल भवन का निर्माण आधा-अधूरा रहने और अब तक शैक्षणिक भ्रमण नहीं कराए जाने की भी शिकायत की। उनका कहना था कि शैक्षणिक भ्रमण की मांग करने पर फंड की कमी का हवाला देकर टाल दिया जाता है।

यह भी पढ़ें- 19 लोगों को कुचलने वाला कबरा..दंगल जीतकर 17 हाथियों की फौज का बना नया बाहुबली

अधिकारियों ने सभी छात्र-छात्राओं को समझाइश दी और उनकी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रशासनिक व्यवस्था के तहत वाहन उपलब्ध कराकर सभी विद्यार्थियों को वापस विद्यालय भेजा गया।बहरहाल बोर्ड परीक्षा नजदीक है और विद्यार्थियों को सड़क पर उतरना पड़ा है। 24 शिक्षकों के स्टाफ के बावजूद 12वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रदर्शन क्यों करना पड़ा इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारी भी पहुंचे स्कूल, की चर्चा

विद्यार्थियों को स्कूल भेजने के बाद बीईओ देव कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार सर्वेश पटेल और थाना प्रभारी की टीम स्वयं पुहपुटरा स्कूल पहुंची। वहां प्रबंधन के साथ बैठक कर पूरे मामले पर चर्चा की। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से भी अलग से शिक्षा व्यवस्था और शैक्षणिक भ्रमण को लेकर चर्चा की और व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया।

प्राचार्य और विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक भ्रमण को लेकर इश्यू है। शैक्षणिक भ्रमण के लिए देवगढ़ की अनुमति मिली है, लेकिन विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें अन्य जगह जाना है। स्कूल में बैठक लेने के बाद मामला स्पष्ट हो सकेगा। पढ़ाई और शिक्षकों की कमी होगी तो उसका निराकरण किया जाएगा। देवकुमार गुप्ता खंड शिक्षा अधिकारी लखनपुर

शैक्षणिक भ्रमण को लेकर सोमवार को निर्णय लेना था। देवगढ़ जाने की अनुमति मिली थी। विद्यार्थियों की इच्छा और दूर जाने की थी। विद्यालय में नियमित रूप से पढ़ाई होती है।कृषि संकाय के शिक्षकों की कमी जिले भर में है। शेष विषयों के शिक्षक भी हैं और पढ़ाई भी होती है। गोकुल प्रसाद जांगड़े प्रभारी प्राचार्य , शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पुहपुटरा

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।