
नई दिल्ली। महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में दिल्ली सबसे आगे है। औसतन दिन में रेप की चार घटनाएं सामने आती हैं। यहां नागरिकों और पुलिस का अनुपात दुनिया में सबसे खराब है। नतीजतन कई मामलों में मदद काफी लेट पहुंचती है।
इसके अलावा अमेरिका या ब्रिटेन की तरह यहां केंद्रीकृत एमरजेंसी रिस्पॉन्स नंबर 911 या 999 भी नहीं है। 100 नंबर डायल कर पुलिस की मदद ली जा सकती है, लेकिन कई मामलों में वह भी काफी लेट पहुंचती है। इसके अलावा उसमें हेल्थ एमरजेंसी शामिल नहीं होती है।
साल 2013 में देश में औसतन हर घंटे चार दुष्कर्म हो रहे थे। ऐसे में एक ऐप इस स्थिति को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इस ऐप की निजी सिक्योरिटी फोर्स एक बटन दबाने पर महिलाओं की मदद के लिए पहुंच जाती है। 'वन टच रिस्पॉन्स' एक निजी एमरजेंसी सेवा है।
ऐप का दावा है कि वर्ष 2013 में इसे शुरू किए जाने के बाद से अब तक करीब 10 हजार से अधिक पेइंग कस्टमर्स ने इसे साइन इन किया है। ऐप के संस्थापक अरविंद खन्ना का कहना है कि अपने परिवार के साथ रात के समय कहीं फंस जाने पर आपके लिए जोखिम हो सकता है और यह आपके लिए आपात स्थिति हो सकती है। मगर, जरूरी नहीं है कि यह पुलिस के लिए भी आपात स्थिति हो, क्योंकि उसे कई अन्य काम करने होते हैं।
देश में प्रति हजार नागरिकों पर 1.3 पुलिसकर्मी हैं, जो जाहिरतौर पर अपर्याप्त हैं। न्यूयॉर्क में जहां प्रति हजार लोगों पर 4.18 पुलिसकर्मी हैं, वहीं दुनियाभर में इसका औसत करीब तीन प्रति हजार है। खन्ना ने दिल्ली में हुए निर्भया कांड के बाद वन टच रिस्पांस नाम का यह ऐप बनाया था।
इस ऐप की सर्विस लेने के लिए 250 रुपए प्रति महीना देना होता है। इसके बाद दिन के चौबीसों घंटे और साल के 365 दिन में से कभी भी जब आपको मदद की जरूरत होगी, यह निजी फोर्स आपकी मदद के लिए पहुंच जाएगी। शुरुआत में यह सेवा एचसीएल टेक्नोलॉजीस की महिला कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए शुरू की गई थी, जिसे बाद में अन्य उपभोक्ताओं और लोगों के लिए शुरू किया गया।