
नईदुनिया ब्यूरो, नई दिल्ली
दिल्ली विश्वविद्यालय में चार से तीन साल में तब्दील हुए ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम के बाद तदर्थ शिक्षकों को पुनः नियुक्ति में आ रही परेशानी के मामले में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने हस्तक्षेप किया है। यूजीसी सचिव प्रो. जसपाल एस संधू ने सभी कॉलेज प्रिंसिपलों को आदेश दिया है पिछले सत्र में आखिरी दिन तक काम करने वाले उन सभी तदर्थ शिक्षकों को फिर से नियुक्ति प्रदान की जाए, जो यूजीसी की ओर से निर्धारित नियमों को पूरा करते हैं।
यूजीसी ने अपने पत्र में कहा है कि ऐसी जानकारी मिली है कि कॉलेजों में शिक्षकों की पुनः नियुक्ति में दिक्कतें आ रही हैं। कॉलेज चार वर्षीय ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम के बीते सत्र के अंतिम दिन तक काम करने वाले शिक्षकों को नए सत्र में पहले दिन से ही नियुक्ति प्रदान करें। यूजीसी के इस पत्र के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी एससी-एसटी, ओबीसी टीचर्स फोरम के अध्यक्ष प्रो. हंसराज सुमन ने एक बयान जारी कर कहा है कि सोमवार को भी करीब एक दर्जन ऐसे शिक्षकों की शिकायत हमें प्राप्त हुई हैं, जिन्हें कॉलेजों ने नियुक्ति देने से इंकार किया है।
प्रो. सुमन का कहना है कि अब चूंकि यूजीसी ने भी इस विषय में स्थिति साफ कर दी है सो कॉलेजों को जल्द से जल्द सभी उन तदर्थ शिक्षकों को नियुक्ति प्रदान करनी होगी जोकि बीते सत्र के अंतिम दिन तक कार्यरत थे। इन शिक्षकों को नियुक्ति के साथ-साथ छुट्टियों के लिए मिलने वाला वेतन भी प्रदान किया जाएगा। हालांकि प्रो. सुमन ने यूजीसी से मांग की है कि उन प्रिंसिपलों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएं जिन्होंने बीते सत्र में कार्यरत तदर्थ शिक्षकों को नए सत्र में नौकरी पर रखने से इंकार किया है।