
-आरटीआई में हुआ खुलासा
- नौ कनिष्ठ सहायकों की नियुक्तियां अनुचित
-नियुक्तियां रद्द कर, निष्पक्ष जांच की हुई मांग
नईदुनिया ब्यूरो, नई दिल्ली
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में कनिष्ठ सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया में बड़े स्तर पर गड़बड़ी सामने आई है। सूचना का अधिकार कानून (आरटीआई एक्ट) के अन्तर्गत इसका खुलासा राजीव पाराशर ने किया है। इस गड़बड़ी में एक-दो नहीं बल्कि नौ ऐसे उम्मीदवारों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें नियमों को ताक पर रखते नियुक्ति दी गई। 129 कनिष्ठ सहायकों की इस नियुक्ति प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के नेता राजकुमार पासवान ने समूची प्रक्रिया रद्द कर, इस धांधली की जांच निष्पक्ष संस्था से कराने की मांग की है।
राजीव पाराशर ने बताया कि विश्वविद्यालय में कनिष्ठ सहायकों के 255 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया के लिए फरवरी 2014 में लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया था। इसके बाद इन पदों के लिए सफल उम्मीदवारों की दो सूचियां 23 और 24 अप्रैल को जारी हुईं। 24 अप्रैल को जारी सूची में 39 ऐसे उम्मीदवारों के नाम थे, जिन्होंने परीक्षा दी ही नहीं। इन उम्मीदवारों में से चार बबीता शर्मा, चेतन वत्स, सुमन, रविन्द्र सिंह नियुक्ति पाने वाले 129 उम्मीदवारों में शामिल हैं। यानी लिखित परीक्षा दिए बिना ही इन्हें नियुक्ति दे दी गई। इसी तरह चार ऐसे उम्मीदवारों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके अंकों में इजाफा किया गया। इनमें पूजा का एक अंक और सुरेन्द्र सिंह भंडारी के दस अंक, अंकित कुमार के 12 अंक और सुनील सिंह के पांच अंक बढ़ाए गए।
गैरहाजिर को भी दे दिए अंक
इस प्रकरण में आम आदमी पार्टी के नेता राजकुमार पासवान का आरोप है कि इस नियुक्ति प्रक्रिया में न सिर्फ धांधली की गई बल्कि जमकर भाई-भतीजावाद हुआ है। उन्होंने बताया कि अभिषेक नामक एक उम्मीदवार तो ऐसा है, जोकि साक्षात्कार के दिन गैरहाजिर था फिर भी उसे 50 में से 31 अंक प्रदान कर नियुक्ति दे दी गई। इसी तरह सूची में ऐसे सात नामों की जानकारी उन्हें मिली है, जिनके परिवार के लोग विश्वविद्यालय में ऊंचे पदों कार्यरत हैं। पासवान ने कहा कि इस गड़बड़ी के खिलाफ वे न सिर्फ चयन समिति के अध्यक्ष व समकुलपति के इस्तीफे की मांग करते हैं बल्कि मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय, यूजीसी व राष्ट्रपति से आग्रह करते हैं कि वे इस मामले की जांच निष्पक्ष संस्था से कराएं।