नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांशी "स्मार्ट सिटी योजना" की आधारशिला दिल्ली में रखी जाएगी। राजधानी दिल्ली में न सिर्फ देश की पहली स्मार्ट सिटी तैयार होगी बल्कि इसे "ग्लोबल सिटी" (वैश्विक शहर) की तर्ज पर विकसित कर सभी आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
दिल्ली वालों को यह खुशखबरी केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने डीडीए के मुख्यालय पर "हाउसिंग योजना-2014" के तहत आवंटन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत करने के मौके पर दी।
नायडू ने कहा, "हम दिल्ली को वास्तव में एक वैश्विक शहर बनाना चाहते हैं, जहां लंदन और सैन फ्रांसिस्को जैसी आधुनिक और नवीनतम सुविधाएं हों। हम यहां पर डिज्नीलैंड और यूनिवर्सल स्टूडियोज जैसे विश्व स्तर के मनोरंजन स्थल चाहते हैं।
मोदी सरकार ने देश में 100 स्मार्ट शहर बसाने की योजना बनाई है। इसके तहत पहला शहर दिल्ली में तैयार होगा।
नायडू ने कहा," दिल्ली देश का दिल है और पहली स्मार्ट सिटी यहीं बनेगी। इस दिशा में हमारे प्रयासों में मदद करने के लिए स्पेन के बार्सिलोना शहर ने तकनीकी सहयोग देने का वादा किया है। मैंने बार्सिलोना में देखा है कि वहां आधुनिक इमारतों के साथ ही कई ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजकर रखा गया है।"
स्मार्ट सिटी के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां वैश्विक स्तर के शैक्षणिक-स्वास्थ्य संस्थान के साथ ही मनोरंजन सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। 20-24 हैक्टेयर में होगी स्मार्ट सिटीडीडीए के उपाध्यक्ष बलविंदर कुमार ने शुक्रवार को स्मार्ट सिटी की योजना का विवरण दिया था।
कुमार ने बताया, स्मार्ट सिटी पूरी तरह से उप-शहर होगा, जो 20-24 हैक्टेयर में बनेगा। इसमें आधुनिक तकनीक और कचरा प्रबंधन तकनीक का इस्तेमाल होगा।
इसमें विश्व स्तरीय सुविधाएं, 24 घंटे बिजली, वाई-फाई, ग्रीन टेक्नोलॉजी, नवीनतम जल संचयन और अपशिष्ट प्रबंधन तकनीक सहित अन्य सुविधाएं होंगी। नायडू ने बताया कि स्मार्ट सिटी के लिए जमीन अधिग्रहण पर मंत्रालय और डीडीए काम कर रहा है।