
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को रोड शो के दौरान एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। यह घटना तब हुई जब केजरीवाल मोतीनगर में एक रोड शो कर रहे थे। थप्पड़ मारने वाले युवक को हिरासत में ले लिया गया है। इस युवक का नाम सुरेश बताया गया है। वह दिल्ली के कैलाश पार्क में रहता है।
#WATCH: A man slaps Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal during his roadshow in Moti Nagar area. (Note: Abusive language) pic.twitter.com/laDndqOSL4
— ANI (@ANI) 4 May 2019
यह पहला अवसर नहीं है जब केजरीवाल पर इस प्रकार से हमला हुआ हो, पहले भी कई बार उन पर लोगों ने इसी तरह हमले किए हैं।
वर्ष 2016 के अप्रैल में दिल्ली के सचिवालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान उन पर किसी ने जूता फेंककर मारा था। बाद में पता चला कि जूता फेंकने वाले आदमी का नाम वेदप्रकाश शर्मा था, जो कि आम आदमी सेना का कार्यकर्ता था। केजरीवाल पर एक बार किसी ने सीडी भी उछालकर मारी थी।
Delhi CM Arvind Kejriwal assaulted by a man during his road show in Moti Nagar area today. pic.twitter.com/y1RuHvoO2n
— ANI (@ANI) 4 May 2019
फरवरी, 2016 में लुधियाना में केजरीवाल की कार पर कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से हमला किया था। इससे कार का सामने वाला शीशा टूट गया था।
जनवरी, 2016 में दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर स्याही फेंकने का मामला तब सामने आया जब वे ऑड ईवन फॉर्मूले के 15 दिवसीय ट्रायल की सफलता का जश्न मना रहे थे। वे सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी एक महिला ने उन पर स्याही फेंकी थी।
वर्ष 2014 में भी दिसंबर के महीने में जब केजरीवाल दिल्ली में एक रैली कर रहे थे, तब एक लड़के ने उन पर पत्थर फेंका था। इस घटना में उन्हें कोई चोट नहीं आई थी।
दिसंबर 2014 में ही दिल्ली में एक रैली के वक्त उन पर किसी ने अंडे फेंक दिए थे। दिल्ली में ही एक रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल को एक ऑटो चालक ने थप्पड़ मारा था।