
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के बागी गुट ने अपने नेताओं की पूर्व व्यस्तताओं का हवाला देकर उन्हें जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए रविवार को एक दिन का अतिरिक्त समय मांगा। इन नेताओं से जुड़े सूत्रों ने कहा- "हम नोटिस का जवाब सोमवार दोपहर तक देंगे। हमारे अधिकतर नेता पूर्व निर्धारित कामों में व्यस्त हैं। इसलिए हम जवाब नहीं दे पाए। पार्टी ने एक दिन का अतिरिक्त समय दिया है।"
बागी नेताओं ने अनुशासन समिति में आशीष खेतान तथा पंकज गुप्ता के होने पर भी सवाल उठाया है। मालूम हो कि आप ने 17 अप्रैल को अपने चार वरिष्ठ नेताओं- योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण, आनंद कुमार तथा अजीत झा को पार्टी विरोध गतिविधियों के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा था।
इन सभी नेताओं को पहले ही पार्टी के अहम पदों से हटाया जा चुका है। योगेंद्र यादव ने नोटिस को एक "मजाक" बताते हुए शनिवार को कहा था कि नोटिस में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों का कोई संदर्भ नहीं है।