
नईदुनिया न्यूज, बेमेतरा। यू-डाइस पोर्टल पर विद्यार्थियों, स्कूलों और शिक्षकों की प्रोफाइल निर्धारित समय में अपडेट नहीं करने पर जिले के 17 शासकीय स्कूलों के संस्था प्रमुखों, शिक्षकों और कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल ने संबंधित स्कूलों में पदस्थ करीब 120 शिक्षकों और कर्मचारियों का अक्टूबर 2026 का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए पोर्टल पर स्कूल, विद्यार्थी और शिक्षक प्रोफाइल का शत-प्रतिशत अद्यतन अनिवार्य है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 27 जुलाई और 1 अक्टूबर को पत्र जारी कर समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने भी 23 सितंबर को आवश्यक निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद 3 अक्टूबर की अंतिम तिथि तक प्रविष्टि का काम पूरा नहीं हुआ।
जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के अनुसार, यू-डाइस डाटा एंट्री केवल संस्था प्रमुख की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें स्कूल के सभी कर्मचारियों और शिक्षकों की सहभागिता और जवाबदेही है। निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं करना छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन माना गया है।
इसी आधार पर वेतन रोकने की कार्रवाई की गई।जिन स्कूलों के संस्था प्रमुखों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों के वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है उनमें मिडिल स्कूल भोथीडीह, झाल, हेमाबंद, मुटपुरी, कन्या स्कूल देवकर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा कदम, बेसिक शिक्षा के लिए 6.55 करोड़ रुपये मंजूर, अपार आईडी से जुड़ेगा हर बच्चा
इसके अलावा हायर सेकंडरी स्कूलों में शाउमावि बालसमुंद, शाउमावि भनसुली, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा, शाउमावि जेवरी, शाउमावि कुसमी, पीएमश्री शिवलाल राठी अंग्रेजी मावि बेमेतरा, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मावि सिंघौरी, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मावि देवरबीजा, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मावि नवागढ़, शाउमावि टेमरी, शाउमावि हाटरांका, शाउमावि कोपेडबरी शामिल है।