
एजुकेशन डेस्क। भारतीय सेना में अग्निवीर पदों पर नौकरी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। भारत सरकार अग्निवीरों के लिए सर्विस के दो वर्षों को एक्सटेंड करने पर विचार कर रही है। इसके लिए कई बैठकों में चर्चा हो चुकी है और जल्द ही इस पर कोई बड़ा निर्णय लिया जा सकता है। हालांकि, अभी तक इस बारे में सेना या सरकार की ओर से ऑफिशियल जानकारी नहीं आई है, लेकिन इस पर 21 नवंबर से निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
अग्निवीर योजना को वर्ष 2022 से शुरू किया गया था। इंडियन नेवी अग्निवीर के पहले बैच में भर्ती होने वाले उम्मीदवार 21 नवंबर 2026 को सेवा मुक्त होंगे। ऐसे में सरकार की ओर से इनकी सेवा समाप्त होने से पहले ही एक्सटेंशन का ऑफर दिया जा सकता है ताकि पहले बैच को भी इसका लाभ मिल सके।
सरकार की ओर से 25 फीसदी अग्निवीरों को पहले से ही परमानेंट करने की घोषणा की गई थी। बाकी बचे हुए 75 फीसदी अग्निवीरों को 2 साल का एक्सटेंशन दिया जा सकता है। हालांकि, इसकी जानकारी नहीं है कि कितने फीसदी अग्निवीरों को या किन सैनिकों को 2 वर्ष का एक्सटेंशन प्रदान किया जाएगा।
इंडियन नेवी का पहला बैच 21 नवंबर को, एयरफोर्स अग्निवीरों का पहला बैच 21 दिसंबर और थल सेना के अग्निवीरों का पहला बैच 31 दिसंबर को सेवा मुक्त होगा। सेवा से मुक्त होने पर अग्निवीरों को 11.71 लाख का एकमुश्त सेवा निधि पैकेज दिया जाएगा, जो पूरी तरह से टैक्स-फ्री होता है। इसके साथ ही स्किल सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा जो उन्हें आगे रोजगार पाने में मदद करेगा।