जीवाजी यूनिवर्सिटी: बीए, बीकॉम, बीएससी तृतीय वर्ष के परीक्षा फार्म भरने की तारीख बढ़ी, ABC आईडी अनिवार्य; जानें शेड्यूल
जीवाजी विश्वविद्यालय ने 11 सितंबर को संशोधित अधिसूचना जारी कर नियमित शुल्क से लेकर अलग-अलग विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा करने की तिथियां घोषित की हैं।
Publish Date: Mon, 14 Sep 2026 06:29:39 PM (IST)Updated Date: Mon, 14 Sep 2026 06:30:06 PM (IST)
HighLights
- 25 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क भर सकेंगे फार्म
- परीक्षा आवेदन के लिए एबीसी आईडी पंजीयन अनिवार्य
- नियमित और पूरक छात्रों के लिए अलग-अलग शुल्क तय
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय ने स्नातक तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन पत्र भरने का अंतिम अवसर दिया है। बीए, बीकॉम, बीएससी और बीएससी होम साइंस तृतीय वर्ष के अप्रैल 2026 परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा फार्म भर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने 11 सितंबर को संशोधित अधिसूचना जारी कर नियमित शुल्क से लेकर अलग-अलग विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा करने की तिथियां घोषित की हैं। अंतिम रूप से परीक्षा फार्म 29 सितंबर तक जमा किया जा सकेगा।यह सभी आवेदन एबीसी आइडी से ही किए जा सकेंगे।
25 सितंबर के बाद विलंब शुल्क से मिलेगी सुविधा
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थी 25 सितंबर तक नियमित शुल्क के साथ संबंधित महाविद्यालय या अध्ययनशाला में परीक्षा आवेदन पत्र जमा कर सकेंगे। इसके बाद 26 सितंबर तक 500 रुपये विलंब शुल्क, 28 सितंबर तक 1000 रुपये विलंब शुल्क और 29 सितंबर तक 2000 रुपये विलंब शुल्क के साथ फार्म जमा करने की सुविधा रहेगी। महाविद्यालयों और अध्ययनशालाओं को विद्यार्थियों के फार्म की जांच कर उन्हें विश्वविद्यालय कार्यालय भेजने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है।
प्रायोगिक विषय वालों को 400 रुपये अतिरिक्त
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि बीए, बीकाम, बीएससी और बीएससी होम साइंस में प्रायोगिक विषय लेने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क के अतिरिक्त 400 रुपये प्रायोगिक शुल्क जमा करना होगा। यह राशि ऑनलाइन परीक्षा शुल्क में ही जोड़ी जाएगी। इसके अलावा संबंधित महाविद्यालय द्वारा अग्रेषण शुल्क तथा परीक्षा संचालन शुल्क के महाविद्यालयीन हिस्से के रूप में 215 रुपये प्रति विद्यार्थी अलग से लिया जाएगा।
नियमित और पूरक विद्यार्थियों के लिए अलग शुल्क
अधिसूचना में नियमित, भूतपूर्व और पूरक विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। नियमित विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 2021 रुपये, परीक्षा आवेदन पत्र शुल्क 80 रुपये और विश्वविद्यालयीन अग्रेषण व परीक्षा संचालन शुल्क 85 रुपये निर्धारित है। वहीं भूतपूर्व और एक विषय के पूरक विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 861 रुपये, आवेदन पत्र शुल्क 80 रुपये और विश्वविद्यालयीन शुल्क 85 रुपये है। निजी विद्यार्थियों के लिए भी अलग-अलग श्रेणी के अनुसार शुल्क निर्धारित किया गया है।
एबीसी पंजीयन अनिवार्य
विश्वविद्यालय ने परीक्षा फार्म के साथ अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी) में पंजीयन अनिवार्य कर दिया है। एबीसी में पंजीयन के बिना किसी विद्यार्थी का परीक्षा फार्म महाविद्यालय या अध्ययनशाला द्वारा विश्वविद्यालय को नहीं भेजा जाएगा। ऐसे फार्म मान्य भी नहीं किए जाएंगे।
फार्म में निर्धारित स्थान पर एबीसी आइडी दर्ज करना और उसे सत्यापित करना संबंधित प्राचार्य या विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी होगी। हार्ड कॉपी के साथ एबीसी आइडी की कंप्यूटर जनरेटेड प्रति लगाना भी अनिवार्य किया गया है।
विश्वविद्यालय ने बताया कि परीक्षा आवेदन पत्र और चालान महाविद्यालय व अध्ययनशाला की स्वीकृति लिंक पर ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए हैं। संबंधित संस्थान इन्हें एमपीऑनलाइन के जीटूजी लॉगिन से डाउनलोड कर विद्यार्थियों को उपलब्ध करा सकते हैं। विद्यार्थी परीक्षा शुल्क एमपी ऑनलाइन के किसी भी कियोस्क केंद्र पर जमा कर सकेंगे।