जीवाजी विवि ने बीएड परीक्षाओं के केंद्रों में किया बड़ा बदलाव, निजी कॉलेज का केंद्र निरस्त कर बदली तारीख
अब बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शासकीय और अनुदानित महाविद्यालयों में बनाए गए कुल 32 केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 12:14:43 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 12:15:10 PM (IST)
HighLights
- कुलगुरु की आपत्ति के बाद निरस्त हुआ निजी केंद्र
- सात कॉलेजों की परीक्षा अब माधव कॉलेज में होगी
- बीएड और बीएससी-बीएड की परीक्षा तारीखें बदलीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय ने बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों में बड़ा बदलाव किया है। विश्वविद्यालय ने पहले जारी की गई केंद्रों की सूची में संशोधन करते हुए निजी महाविद्यालय के परीक्षा केंद्र को निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही सात महाविद्यालयों के परीक्षा केंद्र बदलकर माधव महाविद्यालय कर दिया है। अब बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं शासकीय और अनुदानित महाविद्यालयों में बनाए गए कुल 32 केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
कुलगुरु ने एक प्रायवेट महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर जताई आपत्ति
परीक्षा नियंत्रक डॉ. आशा कुमारी वर्मा गत दिवस नवीन केंद्र निर्धारण समिति द्वारा तैयार की गई सूची का अनुमोदन कराने कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत के पास पहुंचीं। समिति में प्रो. विवेक बापट, प्रो. एसएन महापात्रा और प्रो. बीएल अहिरवार शामिल थे।
सूची को देखने के बाद कुलगुरु ने एक प्रायवेट महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परीक्षा के लिए शासकीय और अनुदानित महाविद्यालयों को ही केंद्र बनाया जा रहा है, तो निजी महाविद्यालय को यह जिम्मेदारी क्यों दी गई है।
इसके बाद परीक्षा नियंत्रक ने तत्काल केंद्र निर्धारण समिति की बैठक बुलाई और पूरे मामले के तथ्य सदस्यों के सामने रखे। विचार-विमर्श के बाद समिति ने प्रायवेट महाविद्यालय का परीक्षा केंद्र समाप्त करने का निर्णय लिया।
इन सात कॉलेजों के केंद्र बदले
केंद्र निर्धारण समिति ने सन इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर्स एजुकेशन, नागाजी इंस्टीट्यूट आफ टीचर्स एजुकेशन, श्री रामनाथ सिंह महाविद्यालय, विजयाराजे कालेज आफ एजुकेशन, बालाजी इंस्टीट्यूट आफ प्रोफेशनल स्टडीज, महर्षि वेद व्यास कालेज और एसआर महाविद्यालय के परीक्षा केंद्र बदल दिए हैं। इन सभी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की परीक्षाएं अब माधव महाविद्यालय में आयोजित की जाएंगी।
बीएड की परीक्षा 21 को, बीएससी बीएड की 14 दिसंबर को
जीवाजी विश्वविद्यालय ने बीएड और बीएससी-बीएड तृतीय सेमेस्टर की दो परीक्षाओं की तारीखों में भी बदलाव किया है। बीएड तृतीय सेमेस्टर के पेडालोजी आफ स्कूल सब्जेक्ट पार्ट-2 की परीक्षा अब 20 नवंबर के स्थान पर 21 नवंबर को होगी। वहीं बीएससी-बीएड तृतीय सेमेस्टर के फाउंडेशन कोर्स-1 (मोरल वैल्यू एंड लैंग्वेज-3) की परीक्षा 21 नवंबर के स्थान पर अब 14 दिसंबर को आयोजित की जाएगी।