जीवाजी यूनिवर्सिटी: स्नातक पूरक परीक्षा के लिए संशोधित तिथियां जारी, जानें शुल्क और ABC ID से जुड़े जरूरी नियम
जीवाजी यूनिवर्सिटी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विद्यार्थी नियमित शुल्क के साथ 25 सितंबर तक आवेदन जमा कर सकते थे लेकिन जो छात्र इस दौरान चूक गए वह...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 26 Sep 2026 10:35:53 PM (IST)Updated Date: Sat, 26 Sep 2026 10:36:28 PM (IST)
HighLights
- संशोधित तिथियां और लेट फीस शेड्यूल
- पूरक परीक्षा शुल्क का संपूर्ण विवरण
- ABC ID रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया अनिवार्य
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय ने वार्षिक पद्धति के स्नातक पाठ्यक्रमों की होने वाली पूरक परीक्षा के लिए परीक्षा आवेदन पत्र भरने की संशोधित तिथियां जारी कर दी हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विद्यार्थी नियमित शुल्क के साथ 25 सितंबर तक आवेदन जमा कर सकते थे लेकिन जो छात्र इस दौरान चूक गए वह अब विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे।
बीए, बीकॉम, बीएससी, बीएससी होम साइंस, बीबीए और बीसीए प्रथम वर्ष के सर्टिफिकेट कोर्स के नियमित, असंस्थागत और भूतपूर्व विद्यार्थी पूरक परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। 25 सितंबर के बाद आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित विलंब शुल्क देना होगा।
27 सितंबर तक 500 रुपये, 28 सितंबर तक 1000 रुपये और 29 सितंबर तक 2000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा किए जा सकेंगे।
विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन पत्र संबंधित महाविद्यालय या अध्ययनशाला में जमा करना होगा। महाविद्यालयों और अध्ययनशालाओं द्वारा आवेदन पत्रों की जांच कर उन्हें विश्वविद्यालय कार्यालय भेजने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है।
पूरक परीक्षा के लिए प्रति विषय 861 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित
विश्वविद्यालय ने पूरक परीक्षा के लिए प्रति विषय 861 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया है। इसके अलावा 80 रुपये परीक्षा आवेदन पत्र शुल्क और 85 रुपये अग्रेषण शुल्क व परीक्षा संचालन शुल्क का विश्वविद्यालयीन भाग लिया जाएगा। इस तरह प्रति विषय विश्वविद्यालय स्तर पर कुल 1026 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसके अतिरिक्त महाविद्यालयीन अग्रेषण एवं परीक्षा संचालन शुल्क के रूप में 215 रुपये प्रति विद्यार्थी संबंधित महाविद्यालय में जमा कराने होंगे।
अधिसूचना में विद्यार्थियों के लिए अकादमिक बैंक आफ क्रेडिट में पंजीयन अनिवार्य किया गया है। बिना एबीसी पंजीयन के किसी विद्यार्थी का परीक्षा आवेदन महाविद्यालय या अध्ययनशाला द्वारा विश्वविद्यालय को नहीं भेजा जाएगा। ऐसे आवेदन मान्य भी नहीं होंगे।
एबीसी आईडी की कंप्यूटर जनरेटेड प्रति भी लगाना अनिवार्य
परीक्षा आवेदन पत्र में एबीसी आइडी दर्ज करनी होगी और महाविद्यालय को आवेदन स्वीकृत करते समय आईडी का सत्यापन करना होगा। इसके साथ एबीसी आइडी की कंप्यूटर जनरेटेड प्रति भी लगाना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय ने आवेदन पत्र महाविद्यालयों की अनुमोदन लिंक पर उपलब्ध करा दिए हैं।
महाविद्यालय एमपी आनलाइन के जीटूजी लागइन से आवेदन डाउनलोड कर विद्यार्थियों को परीक्षा शुल्क एमपी आनलाइन के कियोस्क केंद्र के माध्यम से जमा कराने की प्रक्रिया पूरी कराएंगे।