
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के साथ-साथ अब छोटी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं की समय-सारणी भी स्पष्ट हो गई है। जिले के शासकीय स्कूलों में कक्षा तीसरी, चौथी, छठी और सातवीं की स्थानीय परीक्षाएं नौ मार्च से शुरू होने जा रही हैं। जिला शिक्षा कार्यालय ने इन परीक्षाओं को कराने के लिए तैयारी पूरी कर ली है।
25 फरवरी को पांचवीं व आठवीं की परीक्षा खत्म हुई हैं। साथ ही बोर्ड परीक्षा भी सात मार्च को खत्म हो जाएंगी। केवल अब कक्षा तीन-चार व छह-सात की परीक्षा रह जाएगी। यह परीक्षा भी 17 मार्च को पूरी हो जाएंगी। इसके बाद स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि निजी स्कूलों में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। परीक्षा का समय सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा।
कक्षा तीन-चार व छह-सात की परीक्षा के लिए प्रश्न राज्य शिक्षा केंद्र पोर्टल पर अपलोड करेगा। इसके बाद स्कूलों को इन प्रश्न पत्रों को तिथि के हिसाब से डाउनलोड करने होंगे। इसके बाद फोटो कापी या प्रिंट कराने के बाद प्रश्नपत्र छात्रों को वितरित किए जाएंगे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि सभी स्कूलों में परीक्षा एक पैटर्न पर हो और पेपर में सवालों का स्तर एक जैसा हो।

एक तरफ जहां स्थानीय कक्षाओं की परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं, वहीं दूसरी ओर बोर्ड पैटर्न पर आधारित कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं। जिले के विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का काम शुरू कर दिया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र स्तर से इन परीक्षाओं का परिणाम पोर्टल पर जारी किया जाएगा। रिजल्ट के अप्रैल माह में ही आने की संभावना है। जिससे छात्रों का स्कूलों में प्रवेश समय पर हो सके।
अप्रैल के आखिरी तक आ सकता है रिजल्ट
प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों की कक्षा तीन-चार व छह-सात की परीक्षा नौ मार्च से होंगी और 17 मार्च तक चलेंगी। इसके लिए स्कूलों में तैयारी कर ली गई है। इसके साथ ही बोर्ड की पांचवी व आठवीं परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का काम चल रहा है। अप्रैल के आखिर तक इन कक्षाओं का परिणाम आ सकता है। - रवींद्र सिंह तोमर, डीपीसी जिला शिक्षा केंद्र।