
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने रविवार 27 सितंबर को राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा रखी है। इसमें सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी अगले सप्ताह से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग ने मुख्य परीक्षा से जुड़ी गाइडलाइन भी जारी कर दी है। इसके तहत अभ्यर्थियों को 90 मिनट पहले केंद्रों पर रिपोर्टिंग करनी होगी। नकल रोकने के लिए विशेष जांच व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि प्रदेशभर में तीन से चार जिलों में केंद्र बनाए गए हैं।
राज्य वन सेवा परीक्षा 2026 की अधिसूचना 31 दिसंबर 2024 को निकाली गई थी। इसमें छह सहायक वन संरक्षक और तीस रेंजर के पद रखे गए थे। तीन हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा दी थी। 22 मई को आयोग ने परिणाम जारी किया। ओबीसी आरक्षण के चलते परीक्षा परिणाम को मुख्य और प्रावधिक भाग में बांटा गया। 783 में से 741 अभ्यर्थी मुख्य और 42 अभ्यर्थी प्रावधिक भाग में उत्तीर्ण हुए। अब इनके लिए आयोग ने 27 सितंबर को मुख्य परीक्षा रखी है।
दोपहर 12 से तीन बजे वाले सत्र में 450 अंक का पेपर होगा। इसमें 150 अंक वानिकी और 300 अंक सामान्य विज्ञान से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे। आयोग ने प्रदेश के तीन से चार जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र 20 सितंबर से वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।
परीक्षा में नकल रोकने के लिए सख्ती बरती जाएगी। इसके लिए आयोग ने केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था रखी है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, ई-प्रवेश पत्र की स्कैनिंग और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से तलाशी की जाएगी।
एचएचएमडी से जांच के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष वीक्षक और महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला वीक्षक करेंगी। यह जांच निर्धारित कक्ष में होगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 90 मिनट पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- नर्सिंग की नौकरी छोड़ की MPPSC की तैयारी, प्रियंका वाजपेई बनीं सहायक प्रबंधक, प्रदेश में पाई 6वीं रैंक