
एजुकेशन डेस्क, रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) ने बीए, बीएससी, बीकॉम समेत अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए एक बार फिर पोर्टल खोल दिया है। छात्र अब 19 सितंबर तक कॉलेजों में प्रवेश ले सकेंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध कॉलेजों को आदेश जारी कर कहा है कि एक भी प्रवेश ऑफलाइन नहीं किया जाएगा। कॉलेजों में प्रवेश केवल उन छात्रों को मिलेगा जिन्होंने विश्वविद्यालय के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया है। विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से रोजाना शाम पांच बजे प्राप्त आवेदनों को संबंधित कॉलेज को भेजा जाएगा। इसके बाद कॉलेज प्राचार्य उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी प्रवेश मार्गदर्शिका के अनुसार प्रवेश देंगे।
शहर के मध्य में संचालित कॉलेजों में बीए और बीकॉम की सीटें लगभग फुल हो चुकी हैं। वहीं बीएससी मैथ और बीएससी बायो में कुछ सीटें अभी भी खाली हैं। शहर के आउटर इलाकों में संचालित कॉलेजों में हर पाठ्यक्रम में सीटें खाली पड़ी हैं। ऐसे में छात्रों को आउटर के कॉलेजों में मनपसंद कोर्स में प्रवेश मिलने की पूरी संभावना है।
नवीन कॉलेज माना, गुढ़ियारी और भाठागांव कॉलेज में बीएससी गणित, बायो और कंप्यूटर साइंस की सीटें खाली हैं। यहां बीए और बीकॉम में भी प्रवेश मिल सकता है। इसके अलावा अमलीडीह कॉलेज और अटल नगर कॉलेज में भी कई सीटें खाली हैं।
पीआरएसयू से संबद्ध कुल 150 कॉलेजों में लगभग 20 हजार सीटें खाली हैं। सबसे ज्यादा सीटें निजी कॉलेजों में खाली हैं। साथ ही नए खुले शासकीय कॉलेजों में भी बड़ी संख्या में सीटें खाली पड़ी हैं, जहां छात्रों को आसानी से प्रवेश मिल सकता है।