
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) अब अपनी अध्ययनशालाओं की पढ़ाई को समय और इंडस्ट्री की जरूरतों के हिसाब से बदलने की तैयारी कर रहा है। यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट में प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब शैक्षणिक गतिविधियों में भी बदलाव की रूपरेखा बनाई जा रही है।
इसके अंतर्गत नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। साथ ही वर्तमान कोर्स को अपडेट करने पर विचार हो रहा है। विश्वविद्यालय के मुताबिक पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद विद्यार्थियों को रोजगार और व्यवसाय के बेहतर अवसर प्राप्त करना है।
कुलगुरु डॉ राकेश सिंघई ने सभी विभागाध्यक्षों को एक महीने के भीतर नए पाठ्यक्रमों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसमें खासतौर पर इंडस्ट्री की जरूरतों और रोजगार के बदलते अवसरों को ध्यान में रखने को कहा गया है। दिसंबर के दूसरे सप्ताह में कुलगुरु की अध्यक्षता में इस संबंध में बैठक होगी। इसमें प्रत्येक विभागाध्यक्ष को अपने विभाग में शुरू किए जाने वाले नए कोर्स और मौजूदा पाठ्यक्रमों में बदलाव को लेकर प्रेजेंटेशन देना होगा।
विश्वविद्यालय की मंशा है कि 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए चार वर्षीय आनर्स पाठ्यक्रम शुरू करने की है। प्रबंधन, इंजीनियरिंग, अर्थशास्त्र, वाणिज्य और कम्प्यूटर साइंस सहित अलग-अलग संकायों में नए विकल्प तैयार किए जाएंगे। खास बात यह है कि जिन विभागों में अभी एमबीए पाठ्यक्रम संचालित नहीं हो रहा है। वहां भी इसे शुरू करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
शुरुआत में प्रत्येक नए पाठ्यक्रम में 40 सीटें रखने पर विचार किया जा रहा है। विश्वविद्यालय ने आइएमएस, आइआइपीएस, फिजिकल एजुकेशन, पत्रकारिता, अर्थशास्त्र, आइइटी, कामर्स और योग सहित अन्य विभागों को शामिल है। इन विभागों को अपनी विशेषज्ञता के अनुसार नए कोर्स तैयार करने होंगे।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में नक्सल प्रभावित इलाकों में फिर खुले 421 बंद स्कूल, 16 लाख से अधिक बच्चों का संवर रहा भविष्य
पाठ्यक्रमों के विस्तार के साथ शिक्षकों की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने नई विजिटिंग फैकल्टी नियुक्त करने पर विचार किया है। इससे विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों और इंडस्ट्री से जुड़े अनुभवी लोगों से सीखने का अवसर मिल सकेगा।
कुलगुरु डॉ. सिंघई का कहना है कि पढ़ाई को सिर्फ डिग्री तक सीमित रखने के बजाए विद्यार्थियों को कौशल, व्यावहारिक ज्ञान और रोजगार से जोड़ना है। वे कहते है कि नए पाठ्यक्रम को लेकर बैठक रखी है।