IGNOU Exam: MP के 21 सरकारी संस्थानों में बने केंद्र, गैर शैक्षणिक स्टाफ की नहीं लगेगी ड्यूटी
मध्य प्रदेश में इग्नू की दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षाओं के लिए 15 शासकीय महाविद्यालयों और छह विश्वविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 02:02:20 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 02:06:23 PM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार तस्वीरHighLights
- 21 सरकारी संस्थानों में परीक्षा केंद्र
- गैर शैक्षणिक स्टाफ की नहीं लगेगी ड्यूटी
- 340 से अधिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 सत्रांत की 14 जनवरी 2027 तक चलने वाली परीक्षाओं में गैर शैक्षणिक स्टाफ की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। मध्य प्रदेश में परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 15 शासकीय महाविद्यालयों और छह विश्वविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
परीक्षाओं की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक के रूप में शैक्षणिक संवर्ग के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इससे परीक्षा की गरिमा और पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
विभाग ने दिए निर्देश
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के अकादमिक सदस्यों को भी परीक्षा के दौरान निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उच्च शिक्षा विभाग ने संबंधित संस्थानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।उच्च शिक्षा आयुक्त ने सभी संबंधित विश्वविद्यालयों और शासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी कर परीक्षा के सुचारु आयोजन के निर्देश दिए हैं।
इसमें कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था, उचित रोशनी और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्वच्छ पेयजल और साफ-सुथरे शौचालय उपलब्ध कराए जाएं।
340 से अधिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा
इग्नू के क्षेत्रीय केंद्र भोपाल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 340 से अधिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। भोपाल स्थित मोतीलाल नेहरू विज्ञान महाविद्यालय में सर्वाधिक विद्यार्थियों की परीक्षा शामिल होने की संभावना है।
परीक्षा केंद्रों की सूची भी जारी कर दी गई है, ताकि विद्यार्थियों को अपने केंद्र की जानकारी मिल सके।