
नवदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। कर्मचारी चयन मंडल(ईएसबी)की ओर से सब इंस्पेक्टर(एसआइ) और सूबेदार के पदों पर भर्ती के लिए 28 अक्टूबर से परीक्षा आयोजित की जानी है, लेकिन अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र नहीं मिल पाए हैं। मंडल की वेबसाइट पर 24 अक्टूबर से प्रवेश पत्र को मंडल की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है,लेकिन वेबसाइट ठप होने से प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहे हैं।
इस कारण अभ्यर्थी परेशान हो रहे हैं। परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब डेढ़ लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसी तरह पुलिस वाहन चालक परीक्षा के लिए 29 अक्टूबर तक अंतिम तिथि है, लेकिन अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। प्रदेश में विभिन्न विभागों के रिक्त पदों को भरने के लिए ईएसबी के माध्यम से भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं।
एसआई और सूबेदार के पदों पर भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के माध्यम से ही परीक्षा केंद्र और निर्धारित समय की जानकारी मिलती है। कई अभ्यर्थी दूसरे जिलों और दूरस्थ क्षेत्रों से परीक्षा देने पहुंचते हैं। ऐसे में उन्हें यात्रा, ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पहले से योजना बनानी होती है। प्रवेश पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण वे यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि उन्हें किस शहर में और कितने बजे परीक्षा देने पहुंचना है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि करीब पांच दिन से ईएसबी की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने का प्रयास करने पर परेशानी आ रही है। परीक्षा में अब कुछ ही दिन शेष हैं, ऐसे में अभ्यर्थी जल्द प्रवेश पत्र जारी करने और वेबसाइट की तकनीकी समस्या दूर करने की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें परीक्षा से पहले आवश्यक जानकारी मिल सके और अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा आरक्षक चालक की परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख बढ़ाई जाए।
18 से 21 अक्टूबर तक तकनीकी अपडेशन के लिए वेबसाइट बंद था, लेकिन अब सुचारू रूप से चल रहा है।अगर फिर भी परेशानी हो रही है तो तकनीकी विशेषज्ञ को सूचित किया गया है।
-विशाल जोशी, जनसंपर्क अधिकारी, ईएसबी