
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश लोकसेवा आयोग की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2027 के लिए नया परीक्षा पैटर्न जारी किया गया है। प्रीलिम्स यानी प्रारंभिक परीक्षा में प्रश्न का गलत जवाब देने पर एक अंक कटेगा। वहीं प्रश्न का सही उत्तर देने पर 3 अंक दिए जाएंगे। परीक्षा में सामान्य अभिरुचि परीक्षण और सामान्य अध्ययन के 100-100 प्रश्नों के दो पेपर होंगे। ऐसे में दोनों के 300-300 अंक होंगे।
दोनों पेपर में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ होंगे, यानी प्रश्न के साथ चार उत्तर दिए जाएंगे। परीक्षार्थी को इनमें से सही उत्तर को चुनना होगा। अगर वह सही उत्तर चुनेगा तो तीन अंक मिलेंगे और अगर गलत उत्तर चुनेगा तो एक अंक कट जाएगा। पेपर में प्रश्नों का उत्तर देने के लिए 2 घंटे का समय दिया जाएगा। दोनों पेपर में प्रश्नों का हिंदी के साथ अंग्रेजी अनुवाद भी होगा। आयोग द्वारा 3आर-डब्ल्यू पद्धति के अनुसार नेगेटिव मार्किंग लागू की जा रही है।
मेंस एग्जाम में शामिल होने के लिए अनारक्षित वर्ग के परीक्षार्थी को हर पेपर में 40 प्रतिशत अंक लाना होंगे। वहीं एसटी, एससी, ओबीसी, दिव्यांग श्रेणी और ईडब्ल्यूएस के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 30% अंक लाना होंगे। सामान्य अभिरुचि परीक्षण के पेपर के अंक मेरिट में नहीं जोड़ें जाएंगे। यह पेपर सिर्फ क्वालिफाइंग रहेगा।
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने वैज्ञानिक अधिकारी परीक्षा-2026 की प्रावधिक उत्तरकुंजी जारी कर दी है। रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और भौतिकी तीनों श्रेणियों के प्रश्नपत्रों के चारों सेट आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अब अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें पांच दिनों के भीतर अपनी आपत्ति दर्ज करवानी होगी।
खास बात यह है कि सिर्फ गलत उत्तर बताने से आपत्ति स्वीकार नहीं होगी, बल्कि उसके समर्थन में ठोस प्रमाण भी देना अनिवार्य होगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को आपत्ति दर्ज कराने को लेकर निर्देश दिए हैं। अभ्यर्थियों को जिस प्रश्न का उत्तर गलत लगता है, उन्हें सही उत्तर बताना होगा। साथ ही संबंधित पाठ्य पुस्तक का नाम, लेखक का नाम, प्रकाशन वर्ष और उस विषय से जुड़े प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे।
अभ्यर्थियों को संबंधित पुस्तक के पृष्ठ की छायाप्रति जमा करनी होगी। निर्धारित समय में प्राप्त सभी आपत्तियों की विशेषज्ञ समिति जांच करेगी। यदि किसी प्रश्न का उत्तर गलत पाया जाता है या प्रश्न में त्रुटि मिलती है तो उसके आधार पर उत्तरकुंजी में संशोधन किया जाएगा। इसके बाद अंतिम उत्तरकुंजी जारी होगी और फिर परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा।
वैज्ञानिक अधिकारी के 81 पदों के लिए रविवार को परीक्षा करवाई गई। इनमें 36 रसायन विज्ञान, 25 जीव विज्ञान और 20 भौतिकी के पद शामिल हैं। 14 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, लेकिन इनमें से सिर्फ 5180 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह उपस्थिति करीब 37 प्रतिशत रही। परीक्षा में दो भागों में 150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए थे। प्रत्येक सही उत्तर पर तीन अंक निर्धारित हैं, जबकि गलत उत्तर देने पर एक अंक काटा जाएगा। ऐसे में अंतिम परिणाम में उत्तरकुंजी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।