
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) में विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा। संस्थान के भवन में दो नए फ्लोर बनाने की योजना को अंतिम मंजूरी मिल गई है।
भवन विस्तार का निर्माण कार्य जनवरी 2027 में शुरू किया जाएगा। इसे आठ से नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विस्तार के बाद संस्थान में 11 से 12 नए स्मार्ट क्लासरूम तैयार होंगे। इससे लगभग 500 अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए जगह उपलब्ध हो सकेगी।
वर्तमान में आईईटी के 18 शैक्षणिक कार्यक्रमों में 2500 से अधिक विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। प्रवेश और सीटों की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे मौजूदा कक्षाओं पर दबाव बढ़ गया है। नए फ्लोर और क्लासरूम बनने से समय-सारणी और संचालन में सहूलियत होगी। आईईटी का विस्तार सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं रहेगा। संस्थान में दो नई इंजीनियरिंग ब्रांच शुरू करने की तैयारी है।
इसके साथ ही तीन मौजूदा इंजीनियरिंग कार्यक्रमों में प्रवेश क्षमता भी बढ़ाई जाएगी। प्रशासन का कहना है कि नए और संशोधित पाठ्यक्रम उद्योग की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक इंजीनियरिंग शिक्षा के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में रोजगार उन्मुख कौशल देना है।
नए बनने वाले सभी क्लासरूम आधुनिक स्मार्ट सुविधाओं से लैस होंगे। इनमें इंटरएक्टिव पैनल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल कंटेंट और लैब लिंकेज की सुविधा होगी। इससे कठिन विषयों को प्रैक्टिकल और विजुअल तरीके से समझाना आसान होगा।
आईईटी निदेशक डॉ. प्रतोष बंसल ने बताया कि यह विस्तार आने वाले वर्षों में इंजीनियरिंग शिक्षा की बढ़ती मांग को देखते हुए किया जा रहा है। विस्तार के बाद संस्थान का अकादमिक इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और विद्यार्थियों को ज्यादा जगह, नए कोर्स और बेहतर शिक्षण सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि संस्थान में अभी 100 से अधिक नियमित और विजिटिंग फैकल्टी हैं।
नई ब्रांच और बढ़ी हुई सीटों के लिए फैकल्टी की भर्ती भी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। इस विस्तार के बाद आईईटी मध्य प्रदेश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में सीट और सुविधाओं के मामले में और मजबूत स्थिति में आ जाएगा।
यह भी पढ़ें- DAVV में अग्निवीरों की ट्यूशन फीस होगी माफ, 1.5 करोड़ के दान से बनेगा नया भवन, मुफ्त मिलेगी उच्च शिक्षा